रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा और 20 मार्च तक चलेगा। दो भाँगों में चलने वाले सत्र में 15 बैठकें होंगी। सत्र के पहले दिन 23 फरवरी को राज्यपाल रामेन डेका के अभिभाषण के साथ विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर दो दिन चर्चा होगी। सत्र के दौरान 27 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किए जाने की संभावना है। बजट पेश होने के बाद सदन होली अवकाश के कारण 9 मार्च से शुरू होगा।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार, विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नोत्तरी के साथ, शासकीय कार्य पूरे किए जाएंगे। नया रायपुर स्थित नए विधानसभा में होने वाले सत्र के दौरान पहले दौरे में पांचवे दिन बजट 27 फरवरी को पेश होने के बाद 28 फरवरी से 8 मार्च तक होली का अवकाश रहेगा। अवकाश खत्म होने के बाद हर विभाग के बजट प्रस्तावों पर चर्चा के बाद पारित किया जाएगा, जो 20 मार्च तक चलेगा। सत्र के दौरान विपक्ष के सवालों और सत्तापक्ष के जवाब के बीच सदन के हंगामे के आसार हैं।
अब तक लगे 1888 सवाल
विधानसभा के बजट सत्र को लेकर विधायकों ने अब तक 1888 सवाल लगाए हैं। सत्र के दौरान पहले दिन को छोड़कर शेष दिन प्रश्नकाल होगा। सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा प्रदेश के कई जनहित के मुद्दों पर स्थगन भी लाया जाएगा। सत्र के दौरान 27 फरवरी को नए वित्तीय वर्ष का बजट पेश किया स जाएगा। वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण विधायी कार्य और वित्तीय प्रस्ताव सदन पटल पर रखे जाएंगे। वहीं सत्र में लाए जाने वाले
विधेयकों पर भी चर्चा की गयी।
विपक्ष इन मुद्दों पर घेरेगा
विधानसभा में कांग्रेस बजट सत्र के दौरान धान खरीदी, कानून व्यवस्था और नई योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की पुरजोर कोशिश करेगी। धान खरीदी और उसके पूर्व पंजीयन को लेकर अपनाई गई प्रक्रिया, शहरों में बढ़ती आपराधिक घटनाएं, नशे का कारोबार, चौपाटी हटाने का मामला, जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग में घटिया सड़क निर्माण, सीएसआईडीसी और उद्योग विभाग में गड़बड़ी, स्वास्थ्य विभाग में अव्यवस्था, नगरीय निकाय विभाग में बिना अनुमति कार्य, खाद और बीज के मामले में गड़बड़ी, निर्वाचन में एसआईआर का मामला सहित अन्य मुद्दों को लेकर सदन में विपक्ष सरकार को घेरेगा।










