Logo
सूरजपुर जिले में कांग्रेस की नई जिला कार्यकारिणी घोषित होते ही सियासी बवाल मच गया। संयुक्त महामंत्री, महामंत्री और सचिव सहित 17 नेताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया।

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा होते ही संगठन के भीतर उथल-पुथल मच गई है। सूची जारी होने के कुछ ही घंटों बाद असंतुष्ट नेताओं ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया और संयुक्त महामंत्री, महामंत्री व सचिव स्तर के 17 पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। इस घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।

जैसे ही जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी सार्वजनिक हुई, पार्टी के भीतर असंतोष सामने आने लगा। एक के बाद एक इस्तीफा ने अंदरूनी गुटबाजी को उजागर कर दिया। बताया जा रहा है कि, इस्तीफा देने वालों में पूर्व विधायक खेल साय सिंह की बहू भी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, अधिकाँश असंतुष्ट नेता टी.एस. सिंहदेव के समर्थक बताए जा रहे हैं। सामूहिक इस्तीफे का पत्र सोशल मिडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

इस्तीफों में बताए गए अलग-अलग कारण
वायरल इस्तीफों में पदाधिकारियों ने विभिन्न कारणों का उल्लेख किया है—किसी ने व्यक्तिगत कारण बताए, किसी ने स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला दिया, तो किसी ने अन्य जिम्मेदारियों के चलते संगठनात्मक कार्य में असमर्थता जताई। वहीं, कई नेताओं ने खुले तौर पर संगठनात्मक असंतोष दर्ज कराया। उनका आरोप है कि जिला कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को पद दिए गए हैं जो पार्टी के प्राथमिक सदस्य नहीं हैं, विधानसभा चुनाव के दौरान निष्क्रिय रहे या पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहे।

जिला अध्यक्ष को सौंपे गए इस्तीफे
सभी इस्तीफे जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शशि सिंह को सौंपे गए हैं। इससे पहले भी असंतुष्ट नेताओं ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं, लेकिन सूची में बदलाव न होने से नाराजगी और गहराई।

प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफे-

  • द्वारिका प्रसाद राजवाड़े: एसईसीएल में कंप्यूटर ऑपरेटर होने के कारण संगठनात्मक कार्य में असमर्थता।
  • भावना सिंह: अपरिहार्य कारणों से इस्तीफा।
  • विजेंद्र गोयल: गैर-प्राथमिक व निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को पद देने पर आपत्ति।
  • पवन दीवान: बिना सदस्यता लिए लोगों को अहम जिम्मेदारी मिलने से नाराजगी।
  • सरिता सिंह: वरिष्ठ नेताओं से परामर्श बिना अनुभवहीन लोगों को पद दिए जाने पर असंतोष।
  • सरोज मानिकपुरी: इंटक में पदाधिकारी होने के बावजूद इस्तीफा। वहीं अन्य पदाधिकारियों ने भी अलग-अलग कारण बताए।
5379487