बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र के गढ़वट गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे और पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में बाराती युवक ने ग्रामीण पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़वट गांव में एक शादी समारोह खूनी संघर्ष में बदल गया। जब डीजे बजाने और पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बारात पक्ष और गांव के कुछ लोगों के बीच डीजे की आवाज और पटाखा फोड़ने को लेकर बहस शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर बारात में शामिल युवक पुष्पेंद्र धीवर ने कथित तौर पर एक ग्रामीण पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
एक आरोपी ने किया सरेंडर 
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। आक्रोशित लोगों ने मौके पर खड़ी कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में आरोपी पुष्पेंद्र धीवर ने बाद में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।  ​​​​​​​