बिलासपुर में कोटा रोड स्थित जूनाशहर के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटा रोड स्थित जूनाशहर के पास दो बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के कोटा रोड स्थित जूनाशहर के पास दो बाइक सवार तेज रफ्तार में आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को दी गई सूचना 
आपको बता दें कि, हादसे में घायल तीसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक़, टक्कर के बाद सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा
वहीं 16 फरवरी को जांजगीर-चांपा जिले से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर का अंदाजा न लग पाने से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल उससे जा भिड़ी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।​​​​​​​मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राछा भांठा में हुआ। मृतकों की पहचान बेमेतरा जिले के नवागढ़ निवासी करण कश्यप और कार्तिक कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने और ट्रैक्टर पर रिफ्लेक्टर न लगे होने के कारण बाइक सवारों को ट्रैक्टर नजर नहीं आया और यह भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।