बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एआई (AI) तकनीक के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला अनूठा मामला सामने आया है। एक रागी ने पहले शबद-कीर्तन सिखाने के बहाने परिवार से नजदीकियां बढ़ाईं, फिर मां-बेटी की फर्जी अश्लील तस्वीरें तैयार कर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के चलते परिवार से लाखों रुपये वसूले गए, जिसके बाद अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
क्या है पूरा मामला
यह घटना बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पीड़ित महिला अपने परिवार के साथ यहां रहती है। घर के पास स्थित गुरुद्वारे में कीर्तन के दौरान उसकी पहचान मनिंदर सिंह नामक रागी से हुई थी, जो मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला है। धीरे-धीरे उसने परिवार से करीबी बढ़ाई और महिला व उसकी 18 साल की बेटी को शबद-कीर्तन सिखाने लगा।
उधारी से शुरू हुई साजिश
शुरुआत में आरोपी ने परिवार से छोटी-छोटी रकम उधार के नाम पर लेना शुरू किया। जब परिवार ने पैसे देने से मना किया, तो उसने महिला को बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया।
AI से फर्जी अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल
आरोप है कि, मनिंदर सिंह ने एआई का इस्तेमाल कर महिला और उसकी बेटी की आपत्तिजनक फर्जी तस्वीरें और वीडियो तैयार किए। इसके बाद उसने इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर परिवार को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के चलते परिवार ने अलग-अलग किस्तों में करीब 20 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
तलवार लेकर घर पहुंचा आरोपी
लगातार धमकियों से परेशान होकर पीड़ित परिवार 16 मार्च 2026 की रात घर छोड़कर रायपुर चला गया। लेकिन वहां भी आरोपी ने फोन कॉल के जरिए धमकाना जारी रखा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी कई बार जान से मारने की धमकी देता था। इतना ही नहीं, वह रायपुर के तेलीबांधा इलाके में उनके घर तलवार लेकर पहुंच गया और परिवार को डराकर 2 लाख रुपये और वसूल लिए।
अब 20 करोड़ की मांग
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने अपनी मांग बढ़ाकर 20 करोड़ रुपये तक कर दी। लगातार मानसिक दबाव और धमकियों से परिवार पूरी तरह टूट गया था, लेकिन आखिरकार उन्होंने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पहले रायपुर के तेलीबांधा थाने में केस दर्ज किया गया, जिसे बाद में बिलासपुर के सिविल लाइन थाने ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गुरुद्वारा कमेटी ने आरोपी को सेवा से किया बर्खास्त
मामला सामने आने के बाद गुरुद्वारा कमेटी ने आरोपी को सेवा से हटा दिया है। फिलहाल आरोपी अमृतसर भाग गया है और वहीं से पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां दे रहा है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू के अनुसार, आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









