haribhoomi hindi news
बादाम लेकर विरोध करने वाले युवक का वीडियो वायरल होने के बाद हाउसिंग बोर्ड के दो अधिकारियों को मुख्यालय अटैच किया गया, एक साल से फाइल गुम थी।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में हाउसिंग बोर्ड की लापरवाही के खिलाफ युवक का अनोखा विरोध अब असर दिखाने लगा है। सोशल मीडिया पर “बादाम वाला वीडियो” वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया और मामले में दो अधिकारियों पर कार्रवाई कर दी गई। यह पूरा मामला लंबे समय से फाइल गुम होने और विभागीय ढिलाई से जुड़ा है।

क्या है पूरा मामला?
तिफरा क्षेत्र में एक युवक ने रिसेल में EWS फ्लैट खरीदा था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए वह हाउसिंग बोर्ड में नामांतरण करवाने पहुंचा, लेकिन उसे बताया गया कि उसकी फाइल गुम हो चुकी है। युवक के अनुसार, पिछले एक साल से उसे “कल आना, परसों आना” कहकर टाल दिया जा रहा था, जिससे वह लगातार परेशान हो रहा था।

अनोखा विरोध बना चर्चा का विषय
लगातार चक्कर काटने के बाद युवक ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। वह 500 ग्राम बादाम की थैली लेकर कार्यालय पहुंचा और मेज पर बिखेरते हुए अधिकारी से कहा- “मैडम, शायद बादाम खाने से आपकी याददाश्त बढ़ जाए और मेरी फाइल मिल जाए।” वीडियो में युवक यह कहते हुए भी नजर आया कि एक साल से फाइल गुम है और उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। इस अनोखे विरोध का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो के बाद प्रशासन सख्त
वीडियो वायरल होते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। फाइल दबाने के आरोपों पर कार्रवाई करते हुए संपदा अधिकारी एल.पी. बंजारे और सहायक पुन्नम बंजारे को मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

मुख्यालय अटैच आदेश

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7