बिलासपुर के चर्चित राम अवतार जग्गी हत्याकांड में आज हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई होगी।

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बुधवार को बहुचर्चित एनसीपी नेता राम अवतार जग्गी हत्याकांड मामले में अंतिम सुनवाई की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर इस केस को री-ओपन किया गया था, जिसके बाद से लगातार सुनवाई जारी है और अब यह अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है।

गौरतलब है कि, साल 2003 में एनसीपी नेता राम अवतार जग्गी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में कई बड़े नाम सामने आए थे, जिनमें अमित जोगी का नाम भी शामिल रहा। 

28 आरोपियों को सुनाई थी उम्रकैद की सजा
मामले में 2007 में निचली अदालत ने 28 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जबकि अमित जोगी को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद दोबारा शुरू हुई इस सुनवाई का आज अंतिम दिन है। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की डिविजन बेंच में इस केस की फाइनल हियरिंग होनी है, जिसके बाद फैसले को लेकर कयास तेज हो गए हैं।