पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में होली से पहले रंगों का उत्सव हंगामे में बदल गया। दरअसल, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में आयोजित प्री-होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक भवन से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित गुरु घासीदास बाबा की प्रतिमा के पास अचानक विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर मौजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हुए शामिल
बताया जा रहा है कि, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा 'रंगोत्सव 6.0' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय तक परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
आगामी प्रोग्राम को लेकर बढ़ी चिंता
घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासनिक भवन के इतने नजदीक मारपीट की घटना होना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। हालांकि सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया। गौरतलब है कि, आगामी 2 मार्च को 'रंगबरसे 5.0' थीम पर एक और प्री-होली सेलिब्रेशन कार्यक्रम आयोजित होना है। ऐसे में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है।