प्रेम सोमवंशी- कोटा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा नगर पंचायत में सर्पदंश से 3 वर्षीय मासूम की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे नगर में शोक का माहौल है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद पुष्पा कोमल पालके का 3 वर्षीय पुत्र हिमांशु पालके गुरुवार को घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह बंदर को भगाने के लिए पास में रखे लकड़ियों के ढेर पर चढ़ गया। लकड़ियों के बीच छिपे सांप ने उसे काट लिया। बताया जा रहा है कि सर्पदंश के बाद बच्चा रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों से कहा कि, उसका पैर टूट गया है। जब परिजनों ने देखा तो उसके पैर से खून निकल रहा था। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने की मांग
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गर्मी बढ़ने के साथ ही रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। प्रशासन से क्षेत्र में साफ-सफाई और जागरूकता बढ़ाने की मांग की जा रही है।मासूम की असमय मौत से परिवार सदमे में है, वहीं पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई है।