कांकेर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ गोण्डाहूर पुलिस ने  भालू के शिकार और उसकी खाल की तस्करी में शामिल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

कांकेर। कांकेर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ गोण्डाहूर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जंगली भालू के शिकार और उसकी खाल की तस्करी में शामिल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से जंगली भालू की खाल, शिकार में उपयोग किए गए जाल, कुल्हाड़ी, छुरी तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है। 11 मार्च 2026 को थाना गोण्डाहूर पुलिस को बीट भ्रमण और अपराध सूचना संकलन के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि कुछ लोग अवैध रूप से जंगली भालू का शिकार कर उसकी खाल बेचने की तैयारी कर रहे हैं।

जानकारी की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम कुरूषबोड़ी में आरोपी रामसू मण्डावी के खेत स्थित लाड़ी में दबिश दिय, जहाँ से एक जंगली भालू की सूखी खाल बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी केसो राम गावडे के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की संलिप्तता का भी खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि,  आरोपियों ने ग्राम ढोरकट्टा और हलांजूर के बीच जंगल में जंगली भालू का शिकार किया था। इसके बाद भालू को केसोराम के खेत स्थित लाड़ी में लाकर काटा गया, उसका मांस पकाकर खाया गया और खाल को सुखाकर बेचने के लिए रखा गया था। इस मामले में पुलिस ने सभी 11 आरोपियों के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 51 तथा बीएनएस की धारा 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में हैं शामिल
इस मामले में लिप्त 11 आरोपियों में कुरूषबोड़ी स्कूलपारा निवासी 59 वर्षीय रामसू मण्डावी पिता स्व. सुखदेव मण्डावी और 18 वर्षीय कोसिया कुमार मण्डावी पिता रामसू मण्डावी, ढोरकट्टा निवासी 45 वर्षीय केसोराम गावडे पिता सोमा राम गावडे, ढोरकट्टा निवासी 40 वर्षीय गैंदसाय गावडे पिता स्व. सोनूराम गावडे, ढोरकट्टा निवासी 45 वर्षीय केसरी गावडे पिता स्व. मनकेर गावडे, ढोरकट्टा निवासी 32 वर्षीय सोनिया पढ्दा पिता दामजी पढ्दा, ढोरकट्टा निवासी 21 वर्षीय बाबुराम पिता आसुराम गावडे, ढोरकट्टा निवासी 40 वर्षीय हलसू गावडे पिता सनकु गावडे, ढोरकट्टा निवासी 22 वर्षीय राकेश नरेटी पिता सुकराम नरेटी, ढोरकट्टा निवासी 26 वर्षीय तुलसीराम गावडे पिता स्व. बासूराम गावडे, ढोरकट्टा निवासी 21 वर्षीय बुजेश गावडे पिता केसरी गावडे शामिल थे।