आशीष कुमार- बतौली। छत्तीसगढ़ के बतौली में हो रही लगातार चोरी के बीच मुख्य नगर के दो दुकानों में हुए चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। चोरों के पकड़े जाने से नगर के व्यापारी राहत महसूस कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बतौली मुख्य नगर निवासी संतोष गुप्ता के कृषि संबंधी दुकान जय माता दी एग्रो में शटर का ताला तोड़कर दुकान से 70 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। इसके साथ ही जय माता दी एग्रो के सामने मंजू साड़ी, हरि फैशन एवं योगेश क्लॉथ में अज्ञात व्यक्ति द्वारा ताला तोड़कर दुकान में घुसकर काउंटर में रखे लगभग 50 हजार रुपये नगद तथा कपड़े (शर्ट-पेंट व साड़ियां) चोरी कर लिए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 305(ए), 331(4), 238 बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही अशोक मरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 2500 रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कपड़े पकड़े जाने के डर से जला दिए और नगद राशि खर्च कर दी। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह आदतन अपराधी है।










