रायपुर। बलरामपुर में अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद इस मुद्दे पर सियासत एक बार फिर से सुलगने लगी है। इधर खर आई नहीं कि, उधर विपक्ष ने सदन में इस मसले को उठा दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अनुदान मांगों की चर्चा के बीच कहा- बलरामपुर जिले में दो एकड़ में शानदार अफीम की खेती हो रही है। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने यहां तक कह दिया कि, आपके शासन काल में विधानसभा चलते दो अलग अलग संभागों में अफ़ीम की खेती पकड़ी गई है। थोड़ी भी नैतिकता है तो इस्तीफा दे देना चाहिए।
भाजपा नेता को बचाने का लगाया आरोप
वहीं श्री बघेल ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विभागों के अनुदान मांगों को लेकर चर्चा के दौरान कहा कि, दुर्ग के समोदा में अफीम की खेती हो रही है। बीजेपी के नेता विनायक ताम्रकार पकड़ा गया। मंत्री ने सदन जो कथन किया, वह चीख- चीख कर कह रहा है कि, अपराधी को बचाने का काम हो रहा है।
मंत्री पर लगाया सदन को गुमराह करने का आरोप
उन्होंने कहा कि, सरपंच ने जानकारी दी और मंत्री ने कहा हमारे मुखबिर ने सूचना दी। सरपंच ने पुलिस को फोन किया कोई कार्रवाई नहीं हुई। LIB को फोन किया गया तब कार्रवाई हुई। श्री बघेल ने कहा कि, मेरे पास कॉल रिकॉर्ड भी है, जो मेरे पास उपलब्ध है। उन्होंने मंत्री पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया। भूपेश ने कहा- दो मजदूरों के हाथ में हथकड़ी लगी है, मुख्य आरोपी के हाथ में हथकड़ी नहीं है। पुलिस विभाग किस तरह की कार्रवाई कर रहा है साफ संकेत मिल रहे हैं। 10 एकड़ में अफीम की खेती हो रही है।