कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को गहरे शोक में डुबो दिया है। हथबंद थाना क्षेत्र के पौसरी मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से दो युवा आरक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरक्षक एक ही मोटरसाइकिल से हथबंद से बलौदा बाजार की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पौसरी मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरक्षक क्रमांक 377 धर्मेंद्र यादव, जो साइबर सेल बलौदा बाजार में पदस्थ थे, की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरे जवान की रास्ते में मौत
वहीं आरक्षक क्रमांक 809 प्रशांत धर दीवान, जो थाना हथबंद में पदस्थ थे, को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दोनों ही आरक्षक वर्ष 2013 बैच के भर्ती थे और मूलतः जिला बेमेतरा के साजा क्षेत्र के निवासी थे। कम उम्र में ही कर्तव्य पथ पर इस तरह असमय निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
कर्तव्यनिष्ठ और जांबाज कर्मी
साथी प्रधान आरक्षक प्रेम निषाद के अनुसार प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र यादव और आरक्षक प्रशांत धर दीवान अपने कार्य के प्रति बेहद सजग और समर्पित थे। जटिल मामलों को सुलझाने में दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हाल ही में थाना हथबंद क्षेत्र में मिली सिरकटी लाश के आरोपियों को पकड़वाने में दोनों ने अहम योगदान दिया था। इसके अलावा कुछ माह पूर्व बलौदा बाजार जिले में गुम हुए लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के कारण दोनों अपने साथियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। विभाग द्वारा सौंपे गए हर कार्य को वे पूरी जिम्मेदारी और कुशलता से निभाते थे।
पुलिस अधीक्षक ने जताया शोक
बलौदा बाजार की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने इस घटना को पुलिस परिवार के लिए अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि पूरा बलौदा बाजार पुलिस परिवार दोनों आरक्षकों के परिजनों के साथ खड़ा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह सहित जिले के तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है। दो होनहार और समर्पित जवानों की असमय मृत्यु ने न केवल उनके परिवारों बल्कि पूरे पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस महकमा उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहा है।