Logo
बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और पंचायत चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात को लेकर एक व्यक्ति की हत्या करने आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और पंचायत चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात को लेकर एक व्यक्ति की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 07 अप्रैल 2025 को ग्राम डाढाखार निवासी इतवारी राम पैकरा (55 वर्ष) को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया था, जहां 08 अप्रैल 2025 को उनकी मृत्यु हो गई। मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर किसी वस्तु से किए गए घातक वार की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी ने दी मामले की जानकारी 
जांच पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और स्वतंत्र गवाहों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आरोपी नरेश पैकरा (42 वर्ष) ने मृतक से पंचायत चुनाव में वोट नहीं देने और पुरानी दुश्मनी को लेकर विवाद किया। गाली-गलौच के बाद आरोपी ने पास पड़े लकड़ी के डंडे से मृतक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल 
पुलिस ने यह भी बताया कि घटना के समय कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन आरोपी ने उन्हें किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण उन्होंने तत्काल जानकारी नहीं दी। पुलिस ने आरोपी को 14 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है।

5379487