कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले स्थित गिरौधपुरी धाम में शुक्रवार सुबह 7 बजे एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। संत गुरु घासीदास की तपोभूमि माने जाने वाले इस धार्मिक स्थल के मंदिर परिसर के बाहर लगी झोपड़ीनुमा दुकानों में अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आपको बता दें कि, आग लगने से 3 सिलेंडरों में ब्लास्ट भी हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 7 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि, देखते ही देखते मंदिर के बाहर स्थित करीब 16 अस्थायी दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दुकानों में रखे सामान, खाद्य सामग्री, पूजन सामग्री और अन्य वस्तुएं भी आग में नष्ट हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
बलौदाबाजार स्थित गिरोधपुरी धाम में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से 16 अस्थायी दुकानें जलकर खाक हो गईं। हादसे में 3 सिलेंडर ब्लास्ट हुए, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। @BalodaBazarDist @BalodabazarSp #Chhattisgarh pic.twitter.com/1VCoRulsnu
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 27, 2026
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने के बाद लगी आग
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर परिसर के पास लगे एक ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने के बाद आग भड़की। बताया जा रहा है कि, किसी बंदर की हलचल के कारण तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लगी और तेजी से फैलती चली गई।









