श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'अक्षय ऊर्जा से सक्षम भारत' के संकल्प को साकार करते हुए राजिम विधानसभा के ग्राम बासीन को सोलर विलेज के रूप में चयनित किया गया है। अक्षय ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की योजना के अंतर्गत बासीन को सौर ऊर्जा आधारित मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा।
भाजपाइयों और ग्रामीणों में उत्साह
ग्राम बासीन को सोलर विलेज घोषित किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि विधायक की सक्रियता के कारण ही इस केंद्रीय योजना का लाभ मिल सका है। अब बासीन आधुनिकता, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनेगा।
यह बासीन के लिए ऐतिहासिक क्षण : विधायक
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि, यह बासीन के लिए ऐतिहासिक क्षण है। केंद्र सरकार द्वारा सोलर विलेज के रूप में स्वीकृति मिलना आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत हर घर को रोशन करने का लक्ष्य है और बासीन इस दिशा में एक मॉडल के रूप में उभरेगा। विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी और राजिम विधानसभा के प्रत्येक गांव को आदर्श गांव बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर कुंदन सेन, पालेश्वर साहू, कल्याण ध्रुव, डॉ. रोशन साहू, विक्की सोनी, वैभव गुप्ता, गोविंद साहू, ओमप्रकाश रात्रे, गोपचंद बनर्जी, दिनेश साहू, तुलु साहू, डूमेश्वर प्रजापति, नवीन गुप्ता, मेघनाथ कुर्रे, शंकर साहू सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।










