कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदा बाजार सिटी कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। अब अपराधियों के निशाने पर जनप्रतिनिधि भी आ गए हैं। ताजा मामला नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 11 दशरमा रोड के पार्षद सुरेश कुमार से जुड़ा है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के ही आदतन बदमाश अमित डाहरिया ने पार्षद के साथ पहले गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी। 20 मार्च 2026 को इस मामले में मारपीट और धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसके बाद आरोपी फरार चल रहा था।
आरोपी चाकू लेकर डराने-धमकाने लगा
वहीं 3 अप्रैल 2026 को आरोपी एक बार फिर पार्षद के घर के पास पहुंचा और हाथ में चाकू लेकर उन्हें डराने-धमकाने लगा। आरोपी ने चाकू लहराते हुए कहा कि, तुमने मेरे खिलाफ रिपोर्ट क्यों की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद
पीड़ित पार्षद ने तत्काल थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पहले भी 18 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ दी है और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बता दें कि, आरोपी आदतन बदमाश है उसके खिलाफ पूर्व में भी सिटी कोतवाली बलौदा बाजार में 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वही उसे निगरानी शुदा गुंडा बदमाश की भी सूची में रखा गया है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)







