बलौदा बाजार जिले में बैटरी चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। एक हफ्ते में 6 से अधिक चारपहिया वाहनों से बैटरी चोरी, अज्ञात गिरोह सक्रिय।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदा बाजार शहर में इन दिनों बैटरी चोर गिरोह का आतंक चरम पर है। अज्ञात बदमाशों का यह संगठित गिरोह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चार पहिया वाहनों को निशाना बना रहा है। चोर पहले गाड़ियों के शीशे तोड़ते हैं और फिर बड़ी ही सफाई से बैटरी निकालकर फरार हो जाते हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहरवासियों की नींद उड़ा दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते एक सप्ताह के भीतर शहर में 6 से अधिक गाड़ियों की बैटरी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा मामले में बीती रात ही चार अलग-अलग स्थानों पर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर बैटरी चोरी कर ली गई। इससे पहले तीन अन्य गाड़ियों को भी इसी तरह निशाना बनाया गया था। यह साफ संकेत है कि गिरोह पूरी योजना और रेकी के साथ वारदात को अंजाम दे रहा है।

हर वर्ग बन रहा निशाना
चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे किसी एक वर्ग को नहीं, बल्कि हर किसी को निशाना बना रहे हैं। पत्रकार, राजनीतिक व्यक्तित्व, व्यवसायी और आम नागरिक सभी की गाड़ियां इस गिरोह के टारगेट पर हैं। इससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि गिरोह को शहर की गतिविधियों और लोकेशन की अच्छी जानकारी है।

पुलिस की पकड़ से दूर आरोपी
लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। आरोपी गिरोह पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिससे लोगों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा जांच और गश्त बढ़ाने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है।

बढ़ी दहशत, लोगों में भय का माहौल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहर में भय का माहौल बन गया है। लोग अब अपनी गाड़ियों को घर के बाहर खड़ा करने से भी डर रहे हैं। कई इलाकों में रात के समय लोगों ने स्वयं निगरानी शुरू कर दी है।