haribhoomi hindi news
 मुंबई-रायपुर के बीच एक मई से चौथी उड़ान संचालित करने की घोषणा इंडिगो एयरलाइंस ने की है।

रायपुर। मुंबई-रायपुर के बीच एक मई से चौथी उड़ान संचालित करने की घोषणा इंडिगो एयरलाइंस ने की है। यह फ्लाइट दोपहर 2.25 बजे रायपुर में लैंड होगी और 2.55 बजे मुंबई के लिए वापस टेकऑफ होगी। अभी सुबह, शाम और रात के वक्त फ्लाइट रायपुर पहुंचती है। नई उड़ान से यात्रियों को दोपहर के वक्त भी आवाजाही की सुविधा मिल पाएगी।

व्यास हॉलीडेज के संचालक कीर्ति व्यास ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक,  एक मई से उड़ान लिए तैयार फ्लाइट 6ई 6122 मुंबई से दोपहर साढे 12 बजे उड़ान भरकर दोपहर 2.25 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर में लैंड होगी। यहां आधे घंटे के स्टापेज के बाद दोपहर 2.55 बजे टेकऑफ होकर 4.35 बजे मुंबई के एयरपोर्ट पर लैंड होगी। 

दोनों शहरों के बीच नियमित रूप से तीन फ्लाइट का किया जाता है संचालन
इस फ्लाइट के माध्यम से यात्रियों को दोनों शहरों के बीच दोपहर में अपनी यात्रा पूरी करने का विकल्प मिलेगा। अभी दोनों शहरों के बीच नियमित रूप से तीन फ्लाइट का संचालन किया जाता है, मगर तीनों फ्लाइट सुबह फिर शाम और रात के कश शेड्यूल में संचालित होती है। काफी समय से दोपहर के वक्त फ्लाइट चलाने की डिमांड की जा रही थी, जो इस विमान के माध्यम से पूरी हो गई। 

यात्रियों को मिलेगी सुविधा 
मुंबई-रायपुर-मुंबई के बीच नियमित रूप से उड़ान भरने वाली फ्लाइट में यात्रियों की संख्या काफी होती है, इसलिए इसका किराया भी सामान्य से ज्यादा होता है। छुट्टियों के सीजन में ठंडे प्रदेश अथवा दूसरे देश की ओर जाने वाले यात्री अपना सफर मुंबई जाकर शुरू करते हैं। इस फ्लाइट के माध्यम ऐसे यात्रियों को भी काफी सुविधा होगी। 

करीब ढाई साल पहले बंद हुई थी 4 थी उड़ान
रायपुर-मुंबई को जोड़ने एयर इंडिया की फ्लाइट मुंबई-रायपुर-विशाखापट्‌नम के बीच संचालित होती थी। विमानन कंपनी द्वारा अपना कारोबार समेटने के दौरान इस फ्लाइट के संचालन को बंद कर दिया गया था। इसके बाद से दोनों शहरों के बीच आवाजाही तीन विमान के भरोसे हो गई थी। एक मई से नई फ्लाइट का संचालन शुरू होगा, जो यात्रियों के सफर को आसान करेगा। वापसी के बाद एयर इंडिया दिल्ली-रायपुर-दिल्ली के बीच फ्लाइट संचालित कर रही है।

शुरू होने से पहले बंद हुई जयपुर की बुकिंग
विमानन कंपनी ने यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर-जयपुर के बीच कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की थी। यह फ्लाइट हैदराबाद होकर जयपुर के लिए रवाना होती। शेड्यूल जारी करने के बाद इसकी बुकिंग शुरू की गई थी मगर दो दिन बाद तकनीकी कारणों का हवाला देकर इसे बंद कर दिया गया। वर्तमान में रायपुर से जयपुर के बीच सीधी विमान सेवा नहीं है। इस शहर के लिए आवाजाही करने वाले यात्रियों दूसरे शहर जाकर फ्लाइट बदलकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7