रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के सभी सांसदों, विधायकों और महिला संगठनों को पत्र लिखा है। उन्होंने 16 अप्रैल 2026 को संसद में होने वाली चर्चा को देश के लोकतांत्रिक इतिहास का निर्णायक क्षण बताते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
सीएम साय ने सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को पत्र में लिखा कि 16 अप्रैल को होने वाली चर्चा महिलाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2023 में यह अधिनियम सर्वसम्मति से पारित हुआ था, जो महिला सशक्तीकरण के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। CM ने सांसदों से आग्रह किया कि 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले अधिनियम को लागू करने में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
विधायकों के लिए संदेश
विधायकों को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं को निर्णयकारी भूमिकाओं में आगे लाना देश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान ‘मातृशक्ति के नेतृत्व में सशक्तीकरण’ की दिशा में बड़ा कदम है और विधायकों को महिला आरक्षण पर अपने विचार रखते हुए चर्चा में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए।
महिला संगठनों की सराहना और विशेष आह्वान
CM साय ने महिला संगठनों को लिखे पत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे सिर्फ इस बदलाव की दर्शक नहीं, बल्कि इसके निर्माण की भागीदार भी हैं। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल की संसदीय चर्चा सिर्फ विधायी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को अधिकारों से सशक्त करने की ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने संगठनों से अपील की कि वे अपने मंचों से महिला आरक्षण के समर्थन में मजबूत आवाज उठाएं।
‘महतारी गौरव वर्ष’ के साथ जुड़ा ऐतिहासिक क्षण
मुख्यमंत्री साय ने उल्लेख किया कि यह चर्चा ऐसे समय हो रही है जब छत्तीसगढ़ में ‘महतारी गौरव वर्ष’ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 50% आरक्षण, ‘महतारी वंदन योजना’, ‘रानी दुर्गावती योजना’ जैसी पहलें राज्य की अग्रणी सोच का प्रमाण हैं।
सभी जनप्रतिनिधियों व संगठनों से एकजुटता की अपील
CM ने सभी प्रतिनिधियों और संगठनों से कहा कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर एकजुट होकर महिला आरक्षण के पक्ष में सकारात्मक वातावरण बनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से यह पहल देश के लोकतांत्रिक ढांचे को और मजबूत करेगी और एक नए युग की शुरुआत करेगी।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










