Logo
election banner
राजिम ने भगवान श्री राजीव लोचन अपने भक्तों के साथ होली खेलने गर्भगृह से बाहर निकलते है। होली खेलने आसपास के सैकड़ो गांव के अलावा प्रदेश के कई जिलों से बड़ी तादात में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। 

श्याम किशोर शर्मा-राजिम। प्रदेश भर में राजिम की होली का विशेष महत्व है क्योंकि यहां बरसाने और वृंदावन जैसी होली होती है। यहां भगवान श्री राजीव लोचन अपने भक्तों के साथ होली खेलने गर्भगृह से बाहर निकलते है। भगवान के साथ होली खेलने आसपास के सैकड़ो गांव के अलावा प्रदेश के कई जिलों से बड़ी तादात में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। रंग गुलाल के बौछारो के साथ फाग गीत और नंगाड़े की धुन पर क्या महिला और क्या पुरुष, क्या लड़के और क्या लड़कियां जमकर थिरकते नजर आए। 

छत्तीसगढ़ के प्रयाग राजिम में भगवान श्री राजीव लोचन के साथ होली खेलने सोमवार को राजनेताओं सहित स्थानीय जन प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में शहर के लोग एवं आसपास के सैकड़ों गांवों के श्रद्धालु पहुंचे थे। विशाल मंदिर परिसर भक्तों, होलियारों और श्रद्धालुओं की भीड़ से खचाखच भरा हुआ था। भीड़ में हर किसी का चेहरा गुलाल के कई रंगों से रंगा हुआ था। भगवान श्री राजीव लोचन का श्रृंगार साक्षात मोहनी रूप में किया गया था। जो काफी आकर्षक लग रहा था। भक्तों की कतार दोपहर बाद से देर रात तक लगी रही। यहां मौजूद सभी भक्त भगवान की ओर गुलाल उड़ाकर, दर्शन पाकर अपने आपको धन्य मान रहे थे। बड़ी संख्या में मंदिर पहुंची महिलाओं और युवतियों की टीम भी आपस में एक-दूसरे के गालों पर गुलाल लगाकर सेल्फी लेते हुए खूब आनंद ले रही थी। हर किसी के चेहरे पर उल्लास,प्रेम और स्नेह की भावना झलक रहा था।  

रंग-बिरंगे गुलालों बीच नगाड़े की थाप पर नाचे युवा 

विभिन्न प्रकार के गुलाल लाल, गुलाबी, हरा, नीला, पीला, केसरिया जैसे रंगों से रंगा हुआ था। परिसर में फाग गीतों और नगाड़े की थाप पर ठुमके लगाने वालों की भारी भीड़ थी। युवा वर्ग ठुमकने में मस्त नजर आ रहे थे। मंदिर में उड़ते रंग-गुलाल का शानदार दृश्य, मौजूद कई हजारों की भीड़ को रोमांचित कर रहा था। भगवान और भक्तों के बीच यहां होली खेलने की परंपरा सैकड़ो वर्षो से चला आ रहा है। श्री राजीव लोचन मंदिर प्रांगण में शाम को अनोखा दृष्य उस वक्त देखने को मिलता है, जब भगवान गर्भगृह से बाहर श्रद्धालुओं के साथ रंग-गुलाल खेलने के लिए बाहर निकलते है। यह क्षण मंदिर परिसर में मौजूद हजारों लोगों के लिये बड़ा ही सुखद अवसर होता है। लोगों की भीड़ अधिक होने के कारण अधिकांश लोगों को दूर रहकर ही दर्शन करना पड़ा है। भगवान श्री राजीव लोचन जी का होली के दिन विशेष श्रृंगार किया गया था। 

विधायक रोहित ने बजाया नंगाड़ा, जमकर थिरके लोग

श्री राजीव लोचन मंदिर के होली उत्सव में राजिम के भाजपा विधायक रोहित साहू ने कहा कि, आने वाले साल में ड्रोन कैमरा से पुष्प वर्षा कर भक्तों का शानदार स्वागत किया जाएगा। विधायक श्री साहू ने होली के अवसर पर राजिम विधानसभा क्षेत्र के सुख समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान श्री राजीव लोचन से मंगल कामना की। होली के दौरान मंदिर परिसर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद देखने को मिली। 

प्राचीन काल से चली आ रही यह परंपरा 

मंदिर ट्रस्ट कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार, प्राचीन काल से मंदिर में भगवान और भक्तों के बीच होली खेलने की परंपरा है। यह अवसर वर्ष में केवल एक बार आता है। इसलिए लोगों को इसका बेसब्री से इंतजार रहता है। इस बार भी जैसे ही भगवान की पालकी बाहर निकली, तो भक्तों ने रंग-बिरंगी गुलाल उड़ाना शुरू कर दिया जिससे पूरा परिसर होलियाना रंग में रंग गया। एक तरफ मंदिर प्रांगन में परंपरा के मुताबिक नगाड़ों की थाप पर हर वर्ग के लोगो के पैर जहां थिरक रहे थे वहीं रंग बिरंगे गुलाल के बौछारों से पूरा वातावरण रंगीन नजर आ रहा था। 

कई वरिष्ठ जन रहे मौजूद 

भगवान श्री राजीव लोचन मंदिर परिसर में होली खेलने राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल, पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू, राजिम नगर पंचायत की अध्यक्ष रेखा-जितेंद्र सोनकर, साहू समाज भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू, जिला भाजपा के उपाध्यक्ष महेश यादव, किशोर साहू, लोकनाथ साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा, मोरध्वज सिंह ठाकुर, सहित बड़ी संख्या में गांव-गांव से पहुंचे हुए लोग मौजूद थे।

5379487