haribhoomi hindi news
अंबिकापुर में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण को लेकर पुलिस ने सरगुजा युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है।

संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण को लेकर सियासत गरमा गई है। सरगुजा युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। नगर निगम के सहायक अभियंता की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि, शासकीय कार्य में बाधा, भड़काऊ टिप्पणियाँ और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। FIR में प्रदर्शनकारियों को 'गोडसे विचारधारा से जुड़ा बताया गया है। 

आपको बता दें कि, 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम प्रस्तावित था। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से एक रात पहले विकल झा ने नगर निगम पर प्रतिमा की अनदेखी का आरोप लगाते हुए खुद ही प्रतिमा का अनावरण कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेशभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। 

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रांजल तिवारी की भी हुई थी गिरफ्तारी 
उल्लेखनीय है कि, बेमेतरा जिले में पुलिस ने युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रांजल तिवारी को गिरफ्तार किया है। शहर में युवा कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई जा रही थी, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए प्रांजल तिवारी को बेमेतरा से हिरासत में लिया था।  

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7