संतोष कश्यप- अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां दोस्ती का रिश्ता खून से रंग गया। एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को घर के भीतर दफना दिया। करीब दो महीने तक यह राज दबा रहा, लेकिन जैसे ही घर से दुर्गंध फैलने लगी, आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पूरी सच्चाई उगल दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। आरोपी मिथलेश कुजूर ने शराब के नशे में अपने दोस्त बृजलाल की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने पहले से खोदी गई करीब 4 फीट गहरी कब्र में शव को अपनी पत्नी की मदद से घर के अंदर ही दफना दिया। हैरानी की बात यह है कि, शव लगभग दो महीने तक वहीं दबा रहा।
आरोपी पति-पत्नी से पूछताछ जारी
दुर्गंध फैलने पर आरोपी खुद थाने पहुंचा और पूरे मामले का खुलासा किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पंचनामा और क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया गया। इसके बाद आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
मामले का खुलासा होने के बाद लोगों में आक्रोश
बताया जा रहा है कि, मृतक बृजलाल लोहे की सेंटरिंग का काम करता था और अपने पिता के साथ रहता था। उसके अचानक गायब होने के बाद परिवार और रिश्तेदार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।