haribhoomi hindi news
राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्र में बेलगाम सटोरियों के खिलाफ पुलिस एक्शन मोड में है।

रायपुर। राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्र में बेलगाम सटोरियों के खिलाफ पुलिस एक्शन मोड में है। राजधानी में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के 24 दिन बाद हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई को लेकर सुनवाई शुरू हो गई है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के पास आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करने सुनवाई शुरू हो गई।  सुनवाई पूरी होने के बाद बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई तेज होगी। इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर ने रायपुर के तीनों जोन के डीसीपी को अपने क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों की केस हिस्ट्री तैयार कर उनके अपराध की समीक्षा कर रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर कार्यालय भेजने निर्देश दिए हैं। 

सटोरियों के खिलाफ  कार्रवाई के दिए निर्देश 
जिला बदर की सुनवाई में तीन महीने का समय लगता है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में 16 फरवरी से जिला बदर को लेकर सुनवाई शुरू की गई है। सुनवाई पूरी होने के बाद मई से बदमाशों के खिलाफ जिला बदर करने पुलिस कमिश्नर कार्यालय आदेश जारी करेगा। पुलिस कमिश्नर ने डीसीपी के साथ थाना स्तर पर आर्थिक अपराध से जुड़े प्रकरण मसलन जुआ-सट्टा संचालित करने वाले सटोरियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के विवरण देने निर्देश दिए हैं।

सटोरियों का होगा जिला बदर : आर्थिक
अपराध पर लगाम लगाने पुलिस कमिश्नर ने क्षेत्र में सक्रिय ऐसे सटोरिया या जुआ फड़ संचालित करने वाले जो पकड़े जाने के बाद भी जुआ, सट्टा संचालित करते हैं, उनकी पहचान करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर कार्यालय ऐसे आर्थिक अपराध से जुड़े अपराधियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करेगा।

संपत्ति कुर्की की भी कार्रवाई
कार्यालय पुलिस कमिश्नर के आदेश के अनुसार सटोरियों तथा जुआ फड़ संचालित करने वाले अपराधियों की संपत्ति का विवरण देने कहा गया है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार जुआ, सट्टा संचालित करने वाले अपराधियों की आने वाले दिनों में संपत्ति कुर्की की कार्रवाई न्यायालय के माध्यम से की जाएगी।

कार्रवाई से बचने सटोरिए दूसरे प्रदेश पहुंच रहे
वर्तमान में आईपीएल क्रिकेट मैच चल रहा है। मैच शुरू होने के बाद पुलिस ने भी क्रिकेट सट्टा संचालित करने वालों की धरपकड़ तेज कर दी है। ऐसे में रायपुर के ज्यादातर बड़े सटोरिए शहर के साथ राज्य से गायब होकर मुंबई, गोवा, दिल्ली तथा पश्चिम बंगाल में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं।

जिला बदर के लिए एक दर्जन बदमाश लाइन में
राजधानी में जब से पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू हुआ है, इसके बाद एक दर्जन से ज्यादा बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करने अनुसंसा की गई है। जिन बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई होनी है. उनमें छह की सुनवाई पुलिस कमिश्नर कार्यालय में चल रही है।

कार्रवाई करने सुनवाई शुरू
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि, आर्थिक अपराध के साथ अन्य अपराध में संलिप्त आदतन बदमाशों के खिलाफ जिला बदर करने की कार्रवाई करने सुनवाई शुरू हो गई है। जुआ, सट्टा संचालित करने वालों का सभी थानों को विवरण तैयार कर देने निर्देश दिए गए हैं। इन लोगों की संपत्ति कुर्क करने संबंधित न्यायालय में प्रकरण तैयार कर भेजा जाएगा।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7