Logo
मुजफ्फरपुर के औराई की शाइस्ता परवीन ने शादी के 3 दिन बाद बेटी को जन्म दिया है। 60 साल के राकेश साह के साथ भागकर निकाह करने वाली शाइस्ता को पुलिस ने सीतामढ़ी से बरामद किया है।

Shaista Parveen Rakesh Sah Love Story: मुजफ्फरपुर के औराई में उम्र और मजहब की दीवार लांघकर चर्चा में आई शाइस्ता और राकेश की प्रेम कहानी में एक नया मोड़ आ गया है। 60 वर्षीय स्कूल संचालक राकेश साह से शादी के महज तीन दिन बाद 28 वर्षीय शाइस्ता परवीन ने एक बेटी को जन्म दिया है। इंटरनेट पर जहां एक ओर इस जोड़े को बधाई मिल रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने जच्चा-बच्चा को अपनी कस्टडी में ले लिया है।

नेपाल में रचाई थी शादी और अब मिली खुशखबरी
मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र के रहने वाले 60 वर्षीय स्कूल संचालक राकेश कुमार साह और 28 वर्षीय शिक्षिका शाइस्ता परवीन ने 18 फरवरी को नेपाल के एक मंदिर में शादी की थी। इस अनोखी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। शादी के मात्र तीन दिन बाद ही शाइस्ता ने सीतामढ़ी के एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है।

सोशल मीडिया पर लोग राकेश साह की तारीफ कर रहे हैं कि उन्होंने शाइस्ता को अपना नाम देकर मोहब्बत का फर्ज निभाया और उसे समाज में सहारा दिया।

पुलिस ने कस्टडी में लिया, संचालक फरार
इधर, शाइस्ता के भाई द्वारा औराई थाने में दर्ज कराए गए अपहरण के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को पुलिस ने शाइस्ता को उसकी नवजात बच्ची के साथ सीतामढ़ी से बरामद कर लिया। हालांकि, स्कूल संचालक राकेश साह फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

प्रभारी थानेदार सनोवर प्रवीण ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों अभी पुलिस की देखरेख में अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों की सलाह के बाद शाइस्ता को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उसका बयान दर्ज होगा।

अपहरण का केस
शाइस्ता, राकेश साह के निजी स्कूल में पढ़ाती थी, वहीं दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुए। राकेश पहले से शादीशुदा हैं और चार बच्चों के पिता हैं, लेकिन उन्होंने शाइस्ता के साथ जीवन बिताने का फैसला किया। दूसरी ओर, शाइस्ता के परिजनों ने आरोप लगाया था कि 18 फरवरी को राकेश ने सात अन्य लोगों की मदद से उनकी बहन का शादी की नीयत से अपहरण किया था। इसी एफआईआर के आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
शाइस्ता के मां बनने की खबर के बाद इंटरनेट पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक वर्ग राकेश साह को 'सच्चा प्रेमी' बता रहा है जिसने उम्र और समाज की परवाह किए बिना शाइस्ता का साथ दिया। लोगों का कहना है कि राकेश ने अपना वादा निभाया। वहीं, कुछ लोग इस रिश्ते को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं और इसे सामाजिक मानदंडों के खिलाफ बता रहे हैं। फिलहाल, शाइस्ता और उसकी नन्ही बेटी पुलिस की सुरक्षा में हैं और पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

5379487