Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। फुलवारीशरीफ के विकास विहार कॉलोनी (उफड़पूरा) में शनिवार, 7 फरवरी को बाइक सवार एक नकाबपोश बदमाश ने कुख्यात अपराधी सुनील कुमार (30) की अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधी ने सुनील के सिर को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक 8 गोलियां उतारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

सिगरेट खरीदने के बहाने आया और कर दिया हमला
वारदात उस वक्त हुई जब सुनील कुमार एक जनरल स्टोर पर सिगरेट और बिस्कुट खरीदने गया था। दुकान के बाहर खड़े होकर वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था, तभी एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा। हमलावर ने अपना चेहरा रुमाल से ढका हुआ था। उसने भी दुकानदार से सिगरेट मांगी और जैसे ही दुकानदार सामान निकालने के लिए नीचे झुका, हमलावर ने पिस्टल निकालकर सुनील पर फायरिंग शुरू कर दी। सुनील के जमीन पर गिरने के बाद भी अपराधी तब तक गोली मारता रहा जब तक वह शांत नहीं हो गया। पुलिस को घटनास्थल से तीन खोखे मिले हैं और पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।

जेल से बाहर आते ही पुरानी रंजिश ने ली जान
मृतक सुनील कुमार मूल रूप से नौबतपुर के समनपुरा दरिया गांव का रहने वाला था और वर्तमान में फुलवारीशरीफ में अपनी दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सुनील पर हत्या, लूट, डकैती और शराब तस्करी जैसे 12 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। हाल ही में वह खगौल एम्स के सिक्योरिटी इंचार्ज पर गोली चलाने के आरोप में जेल गया था और महज एक महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। पुलिस का मानना है कि यह हत्या आपसी रंजिश या बदले की भावना के कारण की गई है।

सीसीटीवी और फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें नकाबपोश अपराधी गोली चलाते हुए साफ नजर आ रहा है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं। सुनील के पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उसने दो शादियां की थीं और वह अपने चार भाइयों में मंझला था। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।