Pappu Yadav Bail Update: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को पटना के एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर अहम सुनवाई होनी थी, लेकिन एक धमकी भरे ईमेल ने पूरी प्रक्रिया को रोक दिया। दरअसल, पटना सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार को एक ईमेल मिला जिसमें दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में 3 आरडीएक्स आईईडी (RDX IED) रखे गए हैं। इस सूचना के मिलते ही अदालत में हड़कंप मच गया और सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को तुरंत खाली कराने का आदेश दिया गया।

एक दिन और जेल में बिताएंगे सांसद: वकील का बयान
बम की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुट गई। इस हंगामे की वजह से सोमवार को होने वाली सभी अदालती कार्यवाहियों को स्थगित कर दिया गया, जिसमें पप्पू यादव की बेल अर्जी भी शामिल थी। पप्पू यादव के वकील शिवनंदन भारती ने बताया कि जिला जज को मिले धमकी भरे ईमेल के कारण आज सुनवाई नहीं हो सकी। अब उम्मीद जताई जा रही है कि मंगलवार को कोर्ट इस मामले पर फिर से विचार करेगा। फिलहाल सांसद को एक रात और बेऊर जेल में ही काटनी होगी।

क्या है 31 साल पुराना जमीन विवाद?
सांसद पप्पू यादव की यह गिरफ्तारी साल 1995 के एक पुराने मामले में हुई है। उन पर पटना के पुनाईचक इलाके में एक मकान को अवैध तरीके से कब्जा करने का आरोप है।

शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल के अनुसार, किराए पर दिए गए उनके मकान का उपयोग पप्पू यादव के करीबियों द्वारा राजनीतिक कार्यालय के रूप में किया जाने लगा था। यह मामला पिछले 31 वर्षों से एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहा है। बार-बार समन भेजने के बावजूद कोर्ट में पेश न होने पर उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।

गिरफ्तारी से लेकर अस्पताल और अब जेल
पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात उनके पटना स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की वजह से उन्हें पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया था। रविवार को स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें बेऊर जेल शिफ्ट कर दिया गया। अब सोमवार को मिलने वाली संभावित राहत पर बम की धमकी ने पानी फेर दिया है। कल होने वाली सुनवाई में उनके वकील स्वास्थ्य और मामले की कानूनी वैधता को आधार बनाकर दोबारा जमानत की मांग करेंगे।