Logo
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' के पांचवें और अंतिम चरण का समापन आज राजधानी पटना में हुआ। बापू सभागार में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला।

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' के पांचवें और अंतिम चरण का समापन आज राजधानी पटना में हुआ। बापू सभागार में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। संबोधन के दौरान नीतीश कुमार ने न केवल विपक्ष के 'लालटेन युग' पर प्रहार किया, बल्कि मंच पर मौजूद बीजेपी के कद्दावर नेताओं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मंत्री नितिन नबीन के कंधे पर हाथ रखकर गठबंधन की मजबूती का बड़ा संकेत दिया।

विपक्ष पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बिना नाम लिए लालू-राबड़ी शासनकाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में विकास का नामोनिशान नहीं था। उस दौर में केवल सत्ता बचाने के लिए राजनीति की जाती थी और परिवारवाद को बढ़ावा दिया गया था। नीतीश कुमार ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार आने के बाद बिहार ने हर वर्ग और हर क्षेत्र में बदलाव देखा है और अब राज्य में विकास की एक नई संस्कृति स्थापित हो चुकी है।

मंच पर दिखी 'एकजुटता' की तस्वीर
सभा के समापन पर एक दिलचस्प दृश्य देखने को मिला। जब नीतीश कुमार ने जनता से विकास के संकल्प के लिए हाथ उठाने की अपील की, तो मंच पर मौजूद सभी दिग्गज नेता खड़े हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए सम्राट चौधरी और नितिन नबीन के कंधे पर हाथ रखा। राजनीतिक गलियारों में इस तस्वीर को एनडीए के भीतर तालमेल और एकजुटता के बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

बीजेपी ने भी विपक्ष पर बोला हमला
कार्यक्रम में मौजूद बीजेपी नेताओं ने भी नीतीश सरकार के कामकाज की जमकर सराहना की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि बिहार अब 'लालटेन' के अंधेरे से निकलकर 'LED' की रोशनी में चमक रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से बिहार में बन रहे पुलों, सड़कों और एक्सप्रेसवे के जाल का जिक्र किया। वहीं, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पटना मरीन ड्राइव की सफलता को दोहराते हुए ऐलान किया कि दीघा से कोईलवर और मुंगेर से भागलपुर तक भी इसी तर्ज पर मरीन ड्राइव विकसित किए जाएंगे।

नीतीश बोले- बिहार बढ़ता रहेगा
संबोधन के अंत में नीतीश कुमार एक बार फिर पोडियम पर आए और जनता को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा, "अब बिहार को लेकर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है, राज्य विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ता रहेगा।" उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी प्राथमिकता केवल और केवल बिहार की तरक्की है और वह इसे रुकने नहीं देंगे।

7