Nishant Kumar JDU Join: बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आधिकारिक तौर पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। पार्टी में शामिल होते ही उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और कहा कि वे अब सक्रिय सदस्य के रूप में संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
निशांत कुमार ने इस मौके पर अपने पिता नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के इस निर्णय का सम्मान करते हैं और आगे बढ़कर पार्टी के कामों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। निशांत ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो काम किए हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने पिता पर गर्व है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे नीतीश कुमार पर भरोसा बनाए रखें और उनका मनोबल मजबूत रखें। इस बीच निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में उन्हें पार्टी के भीतर कोई अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा जाने का फैसला लिया है और इसके लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद अब निशांत कुमार की औपचारिक राजनीतिक एंट्री कराई गई है।
बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार पूरे बिहार का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। वहीं राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि भविष्य में उन्हें डिप्टी सीएम जैसे बड़े पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है, ताकि नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया जा सके।










