Logo
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बरुराज में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने किशोरी के हाथ-पैर बांधकर उसे 2 घंटे तक बंधक बनाए रखा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर स्थित बरुराज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आई 15 साल की किशोरी को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में काफी तनाव और आक्रोश का माहौल है।

रिश्तेदार के घर आई थी किशोरी
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से कथैया थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह बरुराज थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई थी। बुधवार की रात जब कार्यक्रम चल रहा था, तभी आरोपी की नजर उस पर पड़ी और उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।

हाथ-पैर बांधकर 2 घंटे तक किया अत्याचार
आरोपी हरिश्चंद्र साह मंगलवार की रात करीब आठ बजे किशोरी को बहला-फुसलाकर या जबरन अपने घर ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब किशोरी ने इसका पुरजोर विरोध किया, तो आरोपी ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।

दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपी ने किशोरी के हाथ-पैर बांध दिए और उसका मुंह दबा दिया ताकि वह शोर न मचा सके। आरोपी ने किशोरी को करीब दो घंटे तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया।

परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ा
जब काफी देर तक किशोरी कार्यक्रम में नजर नहीं आई, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश करने के बाद किशोरी आरोपी के घर में संदिग्ध हालत में मिली। किशोरी की स्थिति देखकर परिजनों के होश उड़ गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से परिजनों ने तुरंत आरोपी हरिश्चंद्र साह को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई और आरोपी को बरुराज पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस की कार्रवाई
बरुराज थानेदार कुणाल कुमार कश्यप ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी हरिश्चंद्र साह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने गुरुवार को पीड़िता की मेडिकल जांच कराई है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

5379487