बिहार के कटिहार में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने हैवानियत दिखाते हुए युवक का गुप्तांग काट दिया और शव को जलाशय में फेंक दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Katihar Crime News: बिहार के कटिहार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्राणपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की न केवल हत्या की गई, बल्कि हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसका गुप्तांग भी काट दिया गया। पिछले चार दिनों से लापता इंदल कुमार रविदास का शव शनिवार सुबह रेलवे लाइन के पास एक जलाशय से बरामद हुआ है।

चार दिन पहले हुआ था लापता, जलाशय में मिला शव
मृतक इंदल कुमार रविदास बीते बुधवार से लापता था। परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के पास जलकुंभी से भरे एक जलाशय में एक शव तैर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब शव को बाहर निकाला, तो उसकी पहचान इंदल के रूप में हुई।

हैवानियत की हदें पार: गुप्तांग काटकर की हत्या
शव की हालत देखकर पुलिस और स्थानीय ग्रामीण दंग रह गए। हत्यारों ने इंदल के साथ न केवल मारपीट की थी, बल्कि धारदार हथियार से उसका गुप्तांग भी काट दिया था। अत्याधिक खून बहने और तड़प-तड़प कर इंदल की मौत हो गई। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए हत्यारों ने शव को जलकुंभी के बीच जलाशय में फेंक दिया था।

लव ट्रायंगल में बुना गया मौत का ताना-बाना
अपर पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह पूरी वारदात 'लव ट्रायंगल' का नतीजा है। जांच में सामने आया कि मृतक इंदल की गांव की ही एक शादीशुदा महिला से बातचीत होती थी। इसी महिला से आरोपी अमरजीत कुमार भी प्रेम करता था। इसी रंजिश के चलते अमरजीत और महिला ने मिलकर इंदल को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

फोन कर बुलाया और फिर कर दिया अपहरण
साजिश के तहत आरोपियों ने बुधवार को इंदल को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही इंदल वहां पहुंचा, अमरजीत और उसके साथियों ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमरजीत कुमार, मोहन कुमार और साजिश में शामिल महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

5 अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस प्रशासन ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल अन्य पांच आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को पकड़ लिया जाएगा और इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।