NZ vs AUS 1st T20I: 1 गेंद...4 रन, रोहित के साथी ने चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को जिताया, मार्श की कप्तानी पारी

Mitchell Marsh
X
मिचेल मार्श की कप्तानी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 में हराया।
NZ vs AUS 1st T20I Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने वेलिंगटन में खेले गए पहले टी20 में मेजबान न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया।

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने 3 टी20 की सीरीज के पहले मैच में मेजबान न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। ऑस्ट्रेलिया ने 216 रन के टारगेट को आखिरी गेंद पर हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया को मैच की आखिरी गेंद पर 4 रन की दरकार थी और टिम डेविड ने टिम साउदी की गेंद पर चौका जमाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी। टिम आईपीएल में रोहित शर्मा की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हैं।

216 रन के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका 29 रन के स्कोर पर लगा था। ट्रेविस हेड 24 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद डेविड वॉर्नर ने कप्तान मिचेल मार्श के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 20 गेंद में 40 रन जोड़े। वॉर्नर 32 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, मार्श ने एक छोर संभाले रखा और पहले ग्लेन मैक्सवेल और फिर टिम डेविड के साथ अहम साझेदारी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी। मार्श ने 44 गेंद में नाबाद 72 रन ठोके। उन्होंने 7 छक्के और 2 चौके उड़ाए।

ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन चाहिए थे और गेंद टिम साउदी के हाथ में थी। साउदी की पहली तीन गेंद में केवल 4 रन ही आए। चौथी गेंद पर टिम डेविड ने छक्का मार दिया। अब ऑस्ट्रेलिया को 2 गेंद में 6 रन चाहिए थे। पांचवीं गेंद पर डेविड ने फिर 2 रन लिए। अब आखिरी गेंद में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 4 रन की दरकार थी और डेविड ने चौका ठोक दिया। मिचेल मार्श प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

यह भी पढ़ें: 'बाबर आजम और कोच आर्थर को खिलाड़ियों की फिटनेस...' पूर्व डायरेक्टर मोहम्मद हफीज का बड़ा खुलासा

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए थे। डेवॉन कॉनवे ने 63 और रचिन रवींद्र ने 68 रन की पारी खेली थी। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस को 1-1 सफलता मिली थी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story