Logo
election banner
Team India Penalized For Slow Over Rate: साउथ अफ्रीका से सेंचुरियन टेस्ट हारने के बाद टीम इंडिया को एक और झटका लगा है। आईसीसी ने जुर्माना ठोका है।

Team India Docked WTC Points :  साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट हारने के बाद टीम इंडिया को एक और झटका लगा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस टेस्ट में स्लो ओवर रेट के लिए भारतीय टीम पर मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना तो लगा ही है। साथ ही 2 आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक काट लिए गए हैं।

टीम इंडिया ने सेंचुरियन टेस्ट के दौरान तय समय में दो ओवर कम फेंके थे। इसी वजह से आईसीसी ने भारतीय टीम पर जुर्माना लगाया। आईसीसी के मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने टीम इंडिया को लक्ष्य से दो ओवर कम फेंकने के कारण ये सजी दी है। 
 
खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बने आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के मुताबिक, जो स्लो ओवर रेट से जुड़े अपराधों के लिए है, खिलाड़ियों को उनकी टीम द्वारा तय समय में गेंदबाजी करने में नाकाम रहने पर हर ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच फीसदी जुर्माना लगाया जाता है। टीम इंडिया ने तय समय में दो ओवर कम फेंके थे। इसी वजह से खिलाड़ियों पर 10 फीसदी का जुर्माना लगा। 

टीम इंडिया के 2 WTC अंक कटे
इसके अलावा, आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की प्लेइंग कंडीशन के आर्टिकल 16.11.2 के मुताबिक, तय समय में एक ओवर कम फेंकने के लिए टीम के एक अंक काट लिए जाते हैं। भारत ने दो ओवर कम फेंके थे। इसी वजह से टीम इंडिया के कुल अंकों में से 2 विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप अंक काट लिए गए।

भारत अंक तालिका में छठे स्थान पर आया
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट हारने के बाद टीम इंडिया 16 अंक और 44.44 पर्सेंटेज पॉइंट्स के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर थी। लेकिन,  अब स्लो ओवर रेट के कारण कटे 2 अंकों के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से नीचे छठे स्थान पर आ गई है। अब भारत के खाते में 38.89 पर्सेंटेज पॉइंट्स हैं। 

टीम इंडिया को सेंचुरियन टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने पारी और 32 रन से हराया था। ये भारत की साउथ अफ्रीका में टेस्ट फॉर्मेट में सबसे बड़ी हार है। 

5379487