'इसमें बहुत सी चीजें गलत...' रोहित शर्मा को MI की कप्तानी से हटाने पर पत्नी रितिका का कमेंट, कोच ने हार्दिक पंड्या की थी तरफदारी

hardik pandya rohit sharma
X
रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाने पर पत्नी रितिका का कमेंट आया है।
रोहित शर्मा ने तो मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाने पर कुछ नहीं कहा था। लेकिन, उनकी पत्नी रितिका सजदेह का टीम के कोच मार्क बाउचर के एक वीडियो इंटरव्यू पर कमेंट आया है, जिसके बाद विवाद बढ़ना तय दिख रहा।

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 की नीलामी से पहले गुजरात टाइटंस से हार्दिक पंड्या को 15 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था। इतना ही नहीं, फ्रेंचाइजी ने टीम को 5 बार चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा के स्थान पर हार्दिक को टीम का कप्तान भी नियुक्त कर दिया। मुंबई इंडियंस का ये फैसला रोहित के फैंस को रास नहीं आया था।

हाल ही में टीम के कोच मार्क बाउचर ने एक पॉडकास्ट में हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने की तरफदारी की थी। अब इस पर रोहित की पत्नी रितिका सजदेह का रिएक्शन आया है। उन्होंने बाउचर के वीडियो इंटरव्यू पोस्ट पर कमेंट किया है। इससे इस विवाद के बढ़ने की आशंका है।

मुंबई इंडियंस के कोच मार्क बाउचर ने स्मैश स्पोर्ट्स के पॉडकास्ट पर कहा, "मुझे लगता है कि ये पूरी तरह से क्रिकेट से जुड़ा फैसला था। हमने हार्दिक पंड्या को एक खिलाड़ी के रूप में वापस लाने का विंडो पीरियड देखा। मेरे लिए ये एक टीम का ट्रांजिशन फेज है। भारत में लोग भावुक हो जाते हैं और समझ नहीं पाते हैं। मुझे लगता है कि ये सिर्फ क्रिकेट से जुड़ा फैसला भर ही है और मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी के रूप में ये रोहित के बेस्ट प्रदर्शन को बाहर लाएगा। हम चाहते हैं कि रोहित मैदान में जाएं और अपने खेल का पूरा आनंद लें।"

बाउचर के इस कमेंट से रोहित शर्मा की पत्नी रितिका शायद इत्तेफाक नहीं रखती। उन्होंने स्मैश स्पोर्ट्स के बाउचर के इंटरव्यू पर कमेंट दिया। रितिका ने लिखा, "इसमें बहुत सी चीजें गलत हैं।" रोहित ने तो मुंबई इंडियंस की कप्तानी जाने के बाद से अबतक कुछ नहीं कहा है। लेकिन, पत्नी रितिका के कमेंट से ये साफ दिख रहा है कि मुंबई इंडियंस के इस फैसले से रोहित भी कहीं न कहीं नाराज हैं। रितिका के इस कमेंट से एक बार फिर रोहित को कप्तानी से हटाने पर नई बहस शुरू हो सकती है। कम से कम फैंस तो सोशल मीडिया पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ दोबारा भड़ास निकाल सकते हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story