Logo
election banner
IND vs ENG 5th Test Day 2 Highlights: भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन स्टम्प्स पर भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 473 रन बना लिए हैं। भारत ने अब तक 255 रन की बढ़त ले ली है।

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में पांचवां और आखिरी टेस्ट खेला जा रहा। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 473 रन बना लिए हैं। दूसरे दिन कुलदीप यादव (27), और जसप्रीत बुमराह (19 रन) पर नाबाद लौटे। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 218 रन बनाए थे। ऐसे में अब भारत की बढ़त 255 रन हो चुकी है और अभी तीन दिन का खेल बाकी है। तीसरे दिन टीम इंडिया इस लीड को और बढ़ाना चाहेगी। 

इंग्लैंड की तरफ से सबसे अधिक 4 विकेट शोएब बशीर ने लिए। उनके अलावा टॉम हर्टले ने भी 2 शिकार किए। जेम्स एंडरसन और बेन स्टोक्स को एक-एक सफलता मिली।

एक समय भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 403 रन था। लेकिन, अगले 25 रन के भीतर ने 4 विकेट गंवा दिए। पडिक्कल, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल और आर अश्विन आउट हुए। पडिक्कल ने तो 65 रन की पारी खेली। लेकिन, जुरेल 15, जडेजा 15 और अश्विन तो अपने 100वें टेस्ट में खाता तक नहीं खोल पाए। हालांकि, जल्दी-जल्दी 4 विकेट गंवाने के बाद कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने समझदारी से बल्लेबाजी की और दिन का खेल खत्म होने तक भारत का विकेट गिरने नहीं दिया। बुमराह और कुलदीप के बीच 9वें विकेट के लिए 108 गेंद में 45 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

पडिक्कल ने डेब्यू टेस्ट में फिफ्टी ठोकी

इससे पहले, देवदत्त पडिक्कल ने अपने डेब्यू टेस्ट में अर्धशतक जमाया। पडिक्कल ने छक्के से अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्हें इस टेस्ट में चोटिल रजत पाटीदार के स्थान पर मौका मिला था। सरफराज खान भी अर्धशतक पूरा करके आउट हुए। ये उनके टेस्ट करियर की तीसरी फिफ्टी है। इससे पहले, भारत ने लंच के फौरन बाद लगातार दो ओवर में रोहित शर्मा और शुभमन गिल के विकेट गंवाए थे। 

रोहित शर्मा को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने क्लीन बोल्ड किया था। स्टोक्स ने करीब 9 महीने बाद गेंदबाजी की और सीरीज की पहली ही गेंद पर रोहित का विकेट हासिल कर लिया। रोहित ने 162 गेंद में 103 रन बनाए। अपनी पारी में भारतीय कप्तान ने 13 चौके और 3 छक्के उड़ाए। रोहित और शुभमन के बीच दूसरे विकेट के लिए 171 रन की साझेदारी हुई। रोहित और गिल ने इस सीरीज का अपना दूसरा शतक पूरा किया। 

रोहित के बाद गिल भी आउट हो गए। उन्हें जेम्स एंडरसन ने अपना शिकार बनाया। आउट होने से पहले गिल ने 150 गेंद में 110 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 5 छक्के मारे। भारत ने पहले दिन स्टम्प्स पर 1 विकेट के नुकसान पर 30 ओवर में 135 रन बनाए थे। रोहित शर्मा 52 और शुभमन गिल 26 रन पर नाबाद लौटे थे। यशस्वी जायसवाल भी अर्धशतक जमाकर आउट  हुए थे।

पहले दिन भारत को इकलौता झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा था। आउट होने से पहले यशस्वी ने इस सीरीज में अपने 700 रन पूरे किए। उन्हें शोएब बशीर ने अपना शिकार बनाया।

धर्मशाला टेस्ट के पहले दिन कुलदीप यादव ने इंग्लैंड को 218 रन पर समेटेने में अहम रोल निभाया था। उन्होंने पहली पारी में 5 विकेट लिए थे। वहीं, अपने 100वें टेस्ट में आर अश्विन ने भी 4 विकेट हासिल किए थे। कुलदीप ने चौथी बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया था। कुलदीप ने पहली बार सीरीज में 5 विकेट झटके थे। एक विकेट रवींद्र जडेजा के खाते में आया था। 

यह भी पढ़ें: Devdutt Padikkal Fifty: रजत पाटीदार के चोटिल होने पर मिला चांस, पडिक्कल ने छक्के से पूरी की डेब्यू टेस्ट में फिफ्टी

Ben Stokes: बेन स्टोक्स ने 9 महीने बाद गेंदबाजी की, सीरीज की अपनी पहली गेंद पर रोहित शर्मा को किया बोल्ड, देखें वीडियो

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), शोएब बशीर, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जेम्स एंडरसन।

5379487