Adithya Ashok: कौन हैं आदित्य अशोक? चेन्नई में हुआ जन्म, वडोदरा वनडे में न्यूजीलैंड की तरफ से खेलने उतरे

Who is Adithya Ashok
X

Who is Adithya Ashok: कौन हैं आदित्य अशोक, जो वडोदरा वनडे में भारत के खिलाफ खेलने उतरे हैं। 

Who is Adithya Ashok: आदित्य अशोक भारतीय मूल के लेग स्पिनर हैं, जो न्यूजीलैंड के लिए पहला वनडे वडोदरा में खेल रहे। तमिलनाडु में जन्मे आदित्य चार साल की उम्र में न्यूजीलैंड शिफ्ट हुए थे।

Who is Adithya Ashok: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा में खेला जा रहा और इस मैच में एक नाम खास चर्चा में है- आदित्य अशोक। भारतीय मूल के इस लेग स्पिनर को न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11 में बतौर फ्रंटलाइन स्पिनर शामिल किया गया है। टॉस के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान माइकल ब्रेसेवेल ने खुद इसकी पुष्टि की।

2026 की शुरुआत टॉस के लिहाज से भारत और शुभमन गिल के लिए अच्छी रही। भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। टॉस के दौरान बातचीत में यह भी साफ हुआ कि आदित्य अशोक इस मुकाबले में ब्लैक कैप्स की तरफ से खेल रहे।

कौन हैं लेग स्पिनर आदित्य अशोक?

आदित्य अशोक का जन्म तमिलनाडु के वेल्लोर में हुआ था। वह महज चार साल के थे,जब उनका परिवार न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गया। यहीं से उनकी क्रिकेट यात्रा ने नई दिशा पकड़ी। भारतीय जड़ों वाले आदित्य ने न्यूजीलैंड के लिए 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप खेला,जो दक्षिण अफ्रीका में आयोजित हुआ था। इसके तीन साल बाद,यानी 2023 में, उन्होंने सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया।

अब तक आदित्य अशोक न्यूजीलैंड के लिए 2 वनडे और 1 टी20 खेल चुके हैं। इन दोनों फॉर्मेट में उन्होंने कुल 2 विकेट लिए। वह एक आक्रामक लेग स्पिनर माने जाते हैं और गेंद को तेजी से घुमाने की क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

डोमेस्टिक क्रिकेट में भी आदित्य ने अपनी छाप छोड़ी है। 2023 में प्लंकेट शील्ड के एक चार दिवसीय मुकाबले में उन्होंने ऑकलैंड की ओर से खेलते हुए नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ 103 रन देकर 7 विकेट लिए थे। यह प्रदर्शन ईडन पार्क पर आया था और इसी के बाद उन्हें गंभीरता से नोटिस किया गया।

पूर्व न्यूजीलैंड तेज गेंदबाज साइमन डूल ने भी आदित्य की जमकर तारीफ की। जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान डूल ने कहा कि आदित्य मूल रूप से चेन्नई के हैं और उनके माता-पिता बाद में न्यूजीलैंड आकर बस गए। उन्होंने आदित्य की तुलना ईश सोढ़ी और एजाज पटेल जैसे भारतीय मूल के खिलाड़ियों से की,जो न्यूजीलैंड के लिए खेल चुके हैं। डूल ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि न्यूजीलैंड को अच्छे स्पिनरों की हमेशा तलाश रहती है और अगर कोई टैलेंटेड युवा है, तो वह जरूर आए।

इस मुकाबले में भारतीय प्लेइंग इलेवन में अर्शदीप सिंह को जगह नहीं मिली। भारत ने तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा को सौंपी। टॉस के बाद शुभमन गिल ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ी कुछ न कुछ मैच खेलकर आ रहे हैं और अच्छी लय में हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि टीम का माहौल शांत और सकारात्मक है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story