Who is Praful Hinge: आईपीएल 2026 में एक नया सितारा उभरकर सामने आया है। सनराइजर्स हैदराबाद के युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ले हिंगे ने अपने डेब्यू मैच में ऐसा कमाल कर दिखाया, जो टूर्नामेंट के 19 साल के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। हिंगे ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के पहले ही ओवर में 3 विकेट लेकर इतिहास रच दिया।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 24 साल के इस गेंदबाज ने पहली ही गेंद से अपना प्रभाव दिखाया। उन्होंने सबसे पहले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को गोल्डन डक पर आउट किया। यह सूर्यवंशी के छोटे से आईपीएल करियर का पहला गोल्डन डक था। इसके बाद हिंगे ने ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को भी लगातार गेंदों पर आउट कर राजस्थान को शुरुआती झटका दे दिया।
हिंगे ने पहले ओवर में झटके 3 विकेट
हिंगे का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा क्योंकि सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाज को जसप्रीत बुमराह और जोश हेजलवुड जैसे बड़े गेंदबाज भी जल्दी आउट नहीं कर पाए थे। लेकिन हिंगे ने अपनी गति और सटीक योजना से उन्हें पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया।
आईपीएल डेब्यू में हिंगे ने लिए 4 विकेट
इस मैच में हिंगे ने कुल 4 विकेट लेकर 34 रन दिए और उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हरा दिया। वह आईपीएल इतिहास में पावरप्ले के अंदर चार विकेट लेने वाले आठवें गेंदबाज भी बन गए। इस सूची में पैट कमिंस, ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
कौन हैं प्रफुल्ल हिंगे?
प्रफुल्ल हिंगे विदर्भ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने 2024-25 सीजन में अपना सीनियर डेब्यू किया। अब तक खेले गए 10 फर्स्ट क्लास मैचों में उन्होंने 27 विकेट लिए हैं, जबकि लिस्ट ए में 6 मैचों में 5 विकेट हासिल किए हैं। खास बात यह है कि आईपीएल से पहले उन्होंने सिर्फ एक टी20 मैच खेला था।
हिंगे ने चेन्नई के एमआरएफ पेस फाउंडेशन में ट्रेनिंग ली है, जहां उन्होंने वरुण आरोन के साथ काम किया। आरोन इस समय सनराइजर्स हैदराबाद के बॉलिंग कोच भी हैं। हिंगे ने अपने करियर में चोटों से भी जूझते हुए वापसी की। साधारण परिवार से आने वाले हिंगे के पिता बिजली विभाग में काम करते हैं। उनकी यह सफलता साबित करती है कि मेहनत और सही मौके मिलने पर कोई भी खिलाड़ी बड़ी पहचान बना सकता है।