Rishabh Pant: किस अफवाह पर भड़के ऋषभ पंत? सोशल मीडिया पर लगाई क्लास

Rishabh Pant
X
ऋषभ पंत
Rishabh Pant: ऋषभ पंत ने खुद को लेकर फैलाई जा रही अफवाह पर लोगों की जमकर क्लास ली।

Rishabh Pant: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उन खबरों को बकवास बताया हैं, जिनमें कहा गया कि पंत आईपीएल के मेगा ऑक्शन में आरसीबी में जाएंगे। ऋषभ पंत वर्तमान में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं। ऋषभ पंत ने हादसे के बाद आईपीएल में इसी साल वापसी की थी। पंत ने सोशल मीडिया एक्स पर इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। पंत ने कहा कि बिना किसी कारण ऐसी गलत जानकारी फैलाने की कोई जरूरत नहीं है।

पंत ने एक प्रशंसक पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा- फर्जी खबर, आप लोग सोशल मीडिया पर इतनी फर्जी खबरें क्यों फैलाते हैं? यह बहुत बुरी बात है। समझदार बनें।

पोस्ट में दावा किया गया था कि पंत ने आरसीबी में कप्तान बनने के लिए अप्रोच किया है। वह फाफ डू प्लेसिस की जगह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के कप्तान बनना चाहते हैं। इसके अलावा पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि विराट कोहली, पंत को RCB में नहीं चाहते हैं, क्योंकि उनकी टीम इंडिया और दिल्ली कैपिटल्स में अच्छी पकड़ है।

पंत ने दी नसीहत
ऋषभ पंत ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत सूचना का प्रसार बदतर होता जा रहा है। लोगों को जानकारी प्रसारित करने से पहले अपने स्रोतों को सत्यापित करना चाहिए। बिना किसी कारण अविश्वसनीय माहौल न बनाएं। यह पहली बार नहीं है और आखिरी बार भी नहीं होगा, लेकिन मुझे इसे बाहर रखना पड़ा। कृपया हमेशा अपने तथाकथित स्रोतों से दोबारा जांच करें। हर दिन यह सबसे खराब होता जा रहा है। बाकी यह आप लोगों पर निर्भर है। यह सिर्फ आपके लिए नहीं है, यह उन बहुत से लोगों के लिए है, जो गलत सूचना फैला रहे हैं।

चोट के कारण नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर के पूरे सीजन से बाहर होने के बाद पंत को 2021 में दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनाया गया था। अगले साल के संस्करण से पहले श्रेयस अय्यर को डीसी ने रिलीज कर दिया और मेगा नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें चुना। पंत ने 2022 में दिल्ली कैपिटल्स का नेतृत्व किया। इसके बाद पंत का एक्सीडेंट हो गया तो डेविड वॉर्नर को 2023 सीजन की कप्तानी सौंपी गई। करीब एक साल के बाद ऋषभ पंत ने क्रिकेट में वापसी की और जबरदस्त कप्तानी के साथ बेहतरीन क्रिकेट भी खेला।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story