Logo
Prithvi Shaw Engagement: भारतीय क्रिकेटर प्रिथ्वी शॉ ने अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर आकृति अग्रवाल से सगाई कर ली। दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की।

Prithvi Shaw Engagement: भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर आकृति अग्रवाल से सगाई कर ली। इस खुशखबरी को खुद शॉ और आकृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया। दोनों ने सगाई समारोह की तस्वीरें भी पोस्ट कीं, जिन्हें फैंस काफी पसंद कर रहे। क्रिकेट फैंस और दोस्तों ने इस जोड़ी को नई शुरुआत के लिए बधाई दी।

पृथ्वी शॉ ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बेहद दिलचस्प अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, 'मैदान पर छक्कों से लेकर मैदान के बाहर जिंदगी भर के हिट्स तक... वह मेरी परफेक्ट इनिंग्स है! #justengaged. इस पोस्ट के साथ उन्होंने आकृति के साथ अपनी सगाई की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में दोनों काफी खुश और उत्साहित नज़र आ रहे हैं।

हालांकि शॉ और आकृति अग्रवाल ने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी, लेकिन दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें पोस्ट करते रहे। हाल ही में यह जोड़ी मुंबई में अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंदोक की शादी में भी साथ नजर आई थी, जिसके बाद से उनके रिश्ते को लेकर चर्चा और तेज हो गई थी।

सगाई के बाद अब शॉ का फोकस जल्द ही फिर से क्रिकेट पर होगा। उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए देखा जाएगा। फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस बार की नीलामी में 75 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं।

दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल 2025 की नीलामी में शॉ अनसोल्ड रह गए थे, लेकिन इस बार वह फिर से उसी टीम में लौटे हैं जिसके लिए उन्होंने अपने पूरे आईपीएल करियर में खेला है। शॉ ने आईपीएल में 2018 में डेब्यू किया था और तब से अब तक वह सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स के लिए ही मैदान पर उतरे हैं। अगर उनके आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो शॉ ने अब तक 79 मैचों में 1892 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत लगभग 24 रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 147.46 का रहा है। उन्होंने टूर्नामेंट में 14 अर्धशतक भी लगाए हैं।

हालांकि पिछले कुछ सीजन में खराब फॉर्म के कारण उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा और यही वजह रही कि पिछले साल नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। लेकिन घरेलू क्रिकेट में नई टीम महाराष्ट्र के लिए खेलते हुए शॉ ने बेहतर प्रदर्शन किया, जिससे उनकी वापसी की राह खुली। अब दिल्ली कैपिटल्स के साथ नया कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद शॉ एक बार फिर खुद को साबित करने के लिए तैयार हैं।

एक तरफ उनकी निजी जिंदगी में नई शुरुआत हुई है, वहीं दूसरी तरफ क्रिकेट के मैदान पर भी वह नई ऊर्जा के साथ वापसी करने की कोशिश करेंगे।

5379487