Pakistan New T20 Captain: टी20 वर्ल्ड कप खत्म होते ही पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव तय माने जा रहे। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सलमान अली आगा से टी20 कप्तानी छीनी जा सकती, चाहे टीम का प्रदर्शन कैसा भी रहे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नक़वी मौजूदा अभियान से खुश नहीं हैं और अब सख्त फैसलों की तैयारी में हैं।
पीसीबी से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, नक़वी को भरोसा दिलाया गया था कि इस बार टीम दमदार प्रदर्शन करेगी। चयनकर्ताओं, टीम मैनेजमेंट और बोर्ड के करीबी लोगों ने उन्हें आश्वस्त किया था कि वर्ल्ड कप में पाकिस्तान मजबूत दावेदार रहेगा। लेकिन अब तक का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। यही वजह है कि चेयरमैन नाराज़ बताए जा रहे।
सूत्र का दावा है कि नक़वी ने मन बना लिया है कि सलमान अली आगा को टी20 कप्तानी से हटाया जाएगा। वर्ल्ड कप के बाद वह हेड कोच माइक हेसन और चयनकर्ताओं के साथ खुलकर चर्चा करेंगे। सिर्फ कप्तानी ही नहीं, कुछ सीनियर खिलाड़ियों का टी20 करियर भी यहीं खत्म हो सकता।
बाबर आजम का खत्म होगा टी20 करियर?
रिपोर्ट में कहा गया है कि सलमान, बाबर आज़म, उस्मान खान समेत कुछ खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट आखिरी साबित हो सकता है। बाबर आज़म ने अब तक 145 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। अगर वह श्रीलंका के खिलाफ और नॉकआउट चरण में (अगर पाकिस्तान पहुंचता है) कोई बड़ा प्रदर्शन नहीं करते, तो उनका टी20 भविष्य अधर में लटक सकता ।
शादाब खान कप्तान बनाए जा सकते
कप्तानी के लिए शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी के नाम पर विचार हो रहा। दोनों ही पहले भी टीम की अगुवाई कर चुके हैं और युवा सोच के साथ आगे बढ़ने की छवि रखते हैं। सूत्र ने यह भी बताया कि कोच माइक हेसन ने वर्ल्ड कप से पहले ही चेयरमैन को सलाह दी थी कि टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका देना जरूरी है और आधुनिक टी20 क्रिकेट के मुताबिक रणनीति बदलनी होगी। लेकिन अब लगता है कि यह बदलाव टूर्नामेंट के बाद बड़े स्तर पर देखने को मिलेगा।
कुल मिलाकर, वर्ल्ड कप खत्म होते ही पाकिस्तान टी20 टीम में बड़ा फेरबदल तय है। कप्तानी बदलेगी, सीनियर खिलाड़ियों का दौर खत्म हो सकता है और नई शुरुआत की स्क्रिप्ट लिखी जाएगी।