Logo
आईपीएल 2026 की शुरुआत अब 26 की जगह 28 मार्च से होगी। ओपनिंग और फाइनल मैच डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के होम ग्राउंड बेंगलुरु में होंगे।

अहमदाबाद: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले से ठीक पहले क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि आईपीएल (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च 2026 से होने जा रही है।

यह घोषणा रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए खिताबी मुकाबले के दौरान की गई। हालांकि टूर्नामेंट पहले 26 मार्च से शुरू होना था, लेकिन चुनावी व्यस्तताओं के कारण शेड्यूल में मामूली बदलाव किया गया है।

​विधानसभा चुनावों के कारण बदला गया शेड्यूल
​आईपीएल 2026 के कार्यक्रम में बदलाव का मुख्य कारण देश के पांच महत्वपूर्ण राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में चुनावों के चलते सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने ओपनिंग डेट को दो दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

हालांकि अभी तक टूर्नामेंट का पूरा विस्तृत कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव के कारण शेड्यूल पिछले सालों की तरह दो चरणों में आ सकता है।

​बेंगलुरु में होगा ओपनिंग और फाइनल मुकाबला
​कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) के सेक्रेटरी संतोष मेनन ने पुष्टि की है कि इस सीजन का पहला मैच और ग्रैंड फिनाले दोनों ही बेंगलुरु के ऐतिहासिक एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

आईपीएल की परंपरा रही है कि ओपनिंग और फाइनल मैच डिफेंडिंग चैंपियन के होम ग्राउंड पर आयोजित किए जाते हैं, और चूंकि पिछला सीजन (IPL 2025) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता था, इसलिए चिन्नास्वामी को यह गौरव प्राप्त हुआ है।

​RCB के कुछ मैच छत्तीसगढ़ के रायपुर में होंगे
​इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के घरेलू मैचों के आयोजन में थोड़ा बदलाव दिखेगा। टीम अपने 7 होम मैचों में से 5 मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि बाकी 2 मैच छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। पिछले सीजन में आरसीबी ने अहमदाबाद में हुए फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था।

चुनावी राज्यों में आईपीएल वेन्यू

​विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में भी कई महत्वपूर्ण स्टेडियम हैं, जहां आईपीएल के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे:-

राज्य

शहर

स्टेडियम

 तमिलनाडु  चेन्नई एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम
 असम  गुवाहाटी ईडन गार्डन्स
 पश्चिम बंगाल  कोलकाता बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम
 केरल तिरुवनंतपुरम ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम

नीलामी के दौरान तय हुई थी संभावित तारीखें
​पिछले साल दिसंबर में अबू धाबी में हुई आईपीएल नीलामी के दौरान बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजियों को संकेत दिया था कि सीजन 26 मार्च से 31 मई तक चल सकता है। हालांकि ओपनिंग डेट 28 मार्च हो गई है, लेकिन फाइनल की तारीख 31 मई 2026 ही रहने की पूरी संभावना है। ऐसा इसलिए क्योंकि 31 मई को रविवार है, और बड़े टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले अक्सर रविवार को ही आयोजित किए जाते हैं।

5379487