IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर विवादों में हैं। डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर BCCI ने उन्हें नोटिस जारी कर 48 घंटों में जवाब मांगा है।

Romi Bhinder Show Cause Notice: आईपीएल 2026 में मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान रॉयल्स की टीम अब मैदान के बाहर विवादों में घिर गई है। टीम के मैनेजर रोमी भिंडर को पिछले हफ्ते गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते देखा गया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीसीसीआई (BCCI) ने मामले का संज्ञान लिया है।

48 घंटे के भीतर देना होगा जवाब
बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधक और सुरक्षा इकाई (ACSU) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रोमी भिंडर को 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया है। बोर्ड ने उनसे अगले 48 घंटों के भीतर इस उल्लंघन पर स्पष्टीकरण मांगा है। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने साफ किया है कि एसीएसयू की रिपोर्ट आने के बाद ही इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

क्या हैं आईपीएल के नियम?
आईपीएल के 'प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल एरिया' (PMOA) नियमों के अनुसार, मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण का उपयोग करना प्रोटोकॉल का सीधा उल्लंघन है। नियम कहते हैं कि टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फोन का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन डगआउट में इसकी सख्त मनाही है। खिलाड़ियों और स्टाफ को स्टेडियम पहुंचते ही अपने फोन और स्मार्ट वॉच सुरक्षा अधिकारी के पास जमा करने होते हैं।

मैनेजर की सेहत से जुड़ा हो सकता है मामला
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि रोमी भिंडर हाल ही में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके दोनों फेफड़े खराब हो गए थे और वे नागपुर के एक अस्पताल में वेंटिलेटर और आईसीयू सपोर्ट पर थे। मुमकिन है कि मोबाइल का इस्तेमाल किसी मेडिकल इमरजेंसी या स्वास्थ्य संबंधी कारणों से किया गया हो, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

बीसीसीआई चेयरमैन ने दी कड़ी चेतावनी
अरुण धूमल ने 'इंडियन एक्सप्रेस' से बात करते हुए कहा कि मैनेजर को केवल आपात स्थिति या मेडिकल इमरजेंसी में ही फोन रखने की अनुमति मिल सकती है, लेकिन वह भी डगआउट में नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी टीमों को बोर्ड द्वारा तय किए गए नियमों का पालन करना अनिवार्य है। इस मामले को पूरी गंभीरता के साथ निपटाया जाएगा ताकि खेल की शुचिता बनी रहे।