IPL 2026 schedule: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल 2026 का नया सीजन 28 मार्च 2026 से शुरू होगा। यह जानकारी आधिकारिक ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने रविवार को दी। यह घोषणा अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले की गई। हालांकि अभी तक आईपीएल 2026 के पूरे मैच शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी। पिछले सीजन यानी आईपीएल 2025 के फाइनल में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था। यह मुकाबला भी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था।
RCB 5 मैच बेंगलुरु में खेलेगा
इसी बीच कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष मेनन ने पुष्टि की है कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में आरसीबी के पांच घरेलू मैच खेले जाएंगे। इतना ही नहीं, यही स्टेडियम आईपीएल 2026 का फाइनल और एक प्लेऑफ मुकाबला भी होस्ट करेगा। हालांकि RCB के सभी घरेलू मैच बेंगलुरु में नहीं होंगे। टीम के बाकी दो होम मैच छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
RCB ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि टीम बेंगलुरु में मैच आयोजित करने के लिए कर्नाटक सरकार, KSCA और कर्नाटक पुलिस की सहयोग के लिए आभारी है। बयान में कहा गया कि आईपीएल सीजन से पहले स्टेडियम के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए गए हैं, जिससे डिफेंडिंग चैंपियन को अपने ज्यादातर घरेलू मैच अपने ही मैदान पर खेलने का मौका मिलेगा।
RCB के सीईओ राजेश मेनन ने कहा कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम सिर्फ टीम का होम ग्राउंड नहीं बल्कि टीम की पहचान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु के फैंस की ऊर्जा हमेशा खिलाड़ियों को प्रेरित करती है और कठिन समय में भी टीम के साथ खड़ी रहती है। उनके मुताबिक, फैंस लंबे समय से अपनी टीम को अपने शहर में खेलते हुए देखने के हकदार हैं।
राजेश मेनन ने आगे कहा कि सभी जरूरी अनुमति और प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद यह तय किया गया है कि RCB बेंगलुरु में पांच मैच खेलेगी। उन्होंने इसके लिए कर्नाटक सरकार, KSCA और कर्नाटक पुलिस को धन्यवाद भी दिया।
गौरतलब है कि जून 2025 के बाद से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट गतिविधियां रुकी हुई थीं। इसकी वजह RCB के IPL 2025 खिताब जीतने के जश्न के दौरान हुआ एक बड़ा हादसा था। उस दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। अब करीब एक साल बाद स्टेडियम फिर से बड़े क्रिकेट आयोजन के लिए तैयार हो रहा है। ऐसे में IPL 2026 को लेकर फैंस के बीच उत्साह पहले से ही बढ़ गया है।










