Abhishek Sharma health update: भारत के ओपनिंग बैटर अभिषेक शर्मा पेट की दिक्कत के बाद पहली बार साथी अर्शदीप सिंह के साथ व्लॉग पर दिखे। उन्हें गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप-ए मैच में पेट की दिक्कत के कारण बाहर होना पड़ा था। हालांकि अभिषेक अभी भी 100 फीसदी फिट होने से बहुत दूर हैं लेकिन उन्होंने अपनी रिकवरी की एक झलक दी।
अर्शदीप द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में अभिषेक शर्मा नजर आए, जिसमें उनसे उनकी हेल्थ, वज़न कम होने और डाइट के बारे में पूछा गया था, क्योंकि वह रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ हाई-प्रोफाइल मैच से पहले वापसी करना चाहते। वीडियो में, अभिषेक ने बताया कि वह दाल और चावल की स्ट्रिक्ट डाइट पर हैं। इसके अलावा, ओपनिंग बैटर ने दावा किया कि पेट की दिक्कत के कारण हॉस्पिटल में भर्ती होने के बाद से उनका दो किलो वज़न कम हुआ।
क्या अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए फिट होंगे?
अभिषेक का पेट में गंभीर इन्फेक्शन के कारण पाकिस्तान के खिलाफ हाई वोल्टेज मुकाबले में हिस्सा लेना फिलहाल मुश्किल लग रहा। अभिषेक यूएसए के खिलाफ टूर्नामेंट के ओपनर से पहले बीमार पड़ गए थे। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी को इस हफ़्ते की शुरुआत में नई दिल्ली में एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस और डिहाइड्रेशन के इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हालांकि उन्हें अब छुट्टी मिल गई और शुक्रवार को उन्हें हल्की प्रैक्टिस करते देखा गया था लेकिन टीम मैनेजमेंट अभी भी सतर्क है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी अभिषेक की सेहत को लेकर कहा था कि वो अभी भी ठीक नहीं हैं और एक या दो मैच मिस कर सकते। इससे ये पता चलता है कि टीम मैनेजमेंट उनकी वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहता।
मेडिकल टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता अभिषेक की शारीरिक तैयारी है क्योंकि इन्फेक्शन की वजह से उनका वज़न काफ़ी कम हुआ है और स्टैमिना में भी कमी आई है। हालांकि वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें नेट्स में वापस देखकर उम्मीद जताई है कि वो अगला मैच खेल सकते हैं। लेकिन आखिरी फैसला कोलंबो में मैच से पहले के ट्रेनिंग सेशन में उनके प्रदर्शन को देखकर लिया जाएगा। अगर टॉप रैंक वाला टी20 बल्लेबाज अपनी मैच फिटनेस साबित नहीं कर पाता है, तो संजू सैमसन के ईशान किशन के साथ ओपनिंग स्लॉट में बने रहने की उम्मीद है।
