Bhopal Live: भोपाल में राजभवन के पास मार्च कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई घायल
मध्य प्रदेश के भोपाल में किसानों के समर्थन में राजभवन तक मार्च निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है।

मध्य प्रदेश के भोपा में किसानों के समर्थन में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजभवन तक मार्च निकाला। इस दौरान राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। राजभवन तक मार्च निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर पुलिस कार्यवाई की कड़ी निंदा की। ट्वीट कर लिखा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, शिवराज की तानाशाही ने ब्रिटिश राज की याद दिलाई। भोपाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर शिवराज का लाठीचार्ज, अश्रुगैस और वाटर कैनन का उपयोग करना ग़ुलामी काल में अंग्रेजों द्वारा किये दमन की याद दिलाता है। शिवराज जी, आपकी उल्टी गिनती शुरू है।
#WATCH मध्य प्रदेशः भोपाल में किसानों के समर्थन में राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। #FarmLaws pic.twitter.com/7F9uQVHZK7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 23, 2021
पिछले सप्ताह भी मध्य प्रदेश कांग्रेस ने कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के समर्थन में एक सरकार के विरोध में रैली निकाली थी। पिछले हफ्ते रैली का हिस्सा रहे पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा था कि मध्य प्रदेश के अधिकांश किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिला है और तीन नए कानूनों के लागू होने से केवल संकट बढ़ेगा। वहीं दिग्विजय सिंह ने कहा था कि तीनों कृषि कानून पूरी तरह से किसानों के हितों के खिलाफ हैं।