अमेरिका: क्रिसमस परेड में शामिल लोगों को तेज रफ्तार एसयूवी ने रौंदा, 5 लोगों की मौत और 40 घायल- देखें दिल को दहला देने वाला वीडियो
अधिकारियों ने कहा कि यह हादसा मिल्वौकी के उपनगर वौकेशा में उस समय हुआ जब क्रिसमस परेड चल रही थी। यहां पर एक तेज रफ्तार एसयूवी बैरिकेड्स को तोड़ते हुए परेड में घुसी और लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई।

अमेरिकी राज्य विस्कॉन्सिन में रविवार को क्रिसमस परेड में शामिल लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अधिकारियों ने कहा कि यह हादसा मिल्वौकी के उपनगर वौकेशा में उस समय हुआ जब क्रिसमस परेड चल रही थी। यहां पर एक तेज रफ्तार एसयूवी बैरिकेड्स को तोड़ते हुए परेड में घुसी और लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई। यह घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। हदासे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस विभाग के एक अधिकारी ने इस हादसे में 5 लोगों की मौत और 40 लोग के घायल होने की पुष्टि की है। साथ ही कहा है कि संख्या में बदलाव हो सकता है, क्योंकि अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में भी लिया है। पुलिस प्रमुख डैन थॉम्पसन ने पहले संवाददाताओं से कहा वाहन को बरामद कर लिया गया है। कोई अन्य खतरा नहीं था। पुलिस प्रमुख डैन थॉम्पसन ने यह भी कहा कि स्कूल सोमवार को नहीं खुलेंगे और सड़कें भी बंद रहेंगी।
Graphic video shows a speeding vehicle ram through participants of the Christmas parade in #Waukesha, Wisc. Few details confirmed at this point though the police said they have a person of interest they're looking into. pic.twitter.com/zKEX1VoC2T
— Andy Ngô 🏳️🌈 (@MrAndyNgo) November 22, 2021
दमकल प्रमुख स्टीवन हॉवर्ड ने पत्रकारों से कहा है कि कुल 11 वयस्कों और 12 बच्चों को छह क्षेत्रीय अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि घटना के दौरान एक अधिकारी ने एसयूवी को रोकने की कोशिश में गोली तक चला दी थी। इस घटना पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने दुख जताया और कहा कि व्हाइट हाउस वौकेशा में स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है। पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी।