TIME's 100 Most Influential People List: प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन ने दुनिया के 100 सबसे प्रशावशाली शख्सियतों की लिस्ट जारी की है। साल 2024 के लिए बुधवार को जारी इस सूची में भारतीय रेसलर साक्षी मलिक, विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा, बॉलीवुड एक्टर आलिया भट्ट, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला और अभिनेता-निर्देशक देव पटेल को स्थान मिला है। साक्षी मलिक टाइम्स की लिस्ट में जगह बनाने वाली पहली भारतीय रेसलर बन गई हैं।
बता दें कि जब बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह के अगुआई वाले एक गुट को डब्ल्यूएफआई का प्रमुख चुना गया तो साक्षी ने कुश्ती छोड़ दी थी। पहलवान साक्षी मलिक ने विनेश फोगट और बजरंग पुनिया के साथ भारत में कुश्ती संघ के विरोध का चेहरा थीं।
रूस के दिवंगत विपक्षी नेता नवलनी की पत्नी भी लिस्ट में
टाइम के '2024 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों' में अमेरिकी ऊर्जा विभाग के निदेशक जिगर शाह, खगोल विज्ञान के प्रोफेसर और येल विश्वविद्यालय में फिजिक्स के प्रोफेसर प्रियंवदा नटराजन भी शामिल हैं। भारतीय मूल की रेस्तरां मालकिन अस्मा खान और रूस के दिवंगत विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की पत्नी यूलिया नवलनाया को भी टाइम्स ने लिस्ट में स्थान दिया है।











