'दुश्मन बाहर नहीं, भीतर है': नवकार महामंत्र का जाप कर बोले PM मोदी; 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि बने साक्षी

PM Modi Chanted Navkar Mahamantra
X
PM Modi Chanted Navkar Mahamantra
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (9 अप्रैल) को श्वेत वस्त्र पहनकर नवकार महामंत्र का जाप किया। PM मोदी ने कहा- दुश्मन बाहर नहीं है, दुश्मन भीतर है। देखिए वीडियो।

PM Modi Chanted Navkar Mahamantra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (9 अप्रैल) को 'नवकार महामंत्र' दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुए कार्यक्रम में PM मोदी ने श्वेत वस्त्र में नवकार महामंत्र का जाप किया। 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि वैश्विक सामूहिक मंत्र के जाप के साक्षी बने। PM मोदी ने कहा-नवकार महामंत्र कहता है कि स्वयं पर विश्वास करो। स्वयं की यात्रा शुरू करो। दुश्मन बाहर नहीं है, दुश्मन भीतर है।

जन से जग तक की यात्रा है
मोदी ने कहा-नकारात्मक सोच, अविश्वास, वैमनस्य, स्वार्थ ही वो शत्रु हैं, जिन्हें जीतना ही असली विजय है। यही कारण है कि जैन धर्म हमें बाहरी दुनिया नहीं, बल्कि खुद को जीतने की प्रेरणा देता है। नवकार महामंत्र सिर्फ मंत्र नहीं है। हमारी आस्था का केंद्र है। ये स्वयं से लेकर समाज तक सबको राह दिखाता है, जन से जग तक की यात्रा है। इस मंत्र का प्रत्येक पद ही नहीं, बल्कि प्रत्येक अक्षर अपने आप में मंत्र है।

भारत जड़ों से नहीं कटेगा
PM मोदी ने कहा-नवकार महामंत्र का ये दर्शन विकसित भारत के विजन से जुड़ता है। मैंने लालकिले से कहा है- विकसित भारत यानी विकास भी, विरासत भी। एक ऐसा भारत जो रुकेगा नहीं, ऐसा भारत जो थमेगा नहीं। जो ऊंचाई छुएगा, लेकिन अपनी जड़ों से नहीं कटेगा।

लोगों को एकजुट करने का प्रयास
नवकार महामंत्र दिवस आध्यात्मिक सद्भाव और नैतिक चेतना का महत्वपूर्ण उत्सव है। जैन धर्म सबसे अधिक पूजनीय और सार्वभौमिक मंत्र-नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के माध्यम से लोगों को एकजुट करने का प्रयास करता है। अहिंसा, विनम्रता और आध्यात्मिक उत्थान के सिद्धांतों पर आधारित यह मंत्र प्रबुद्ध व्यक्तियों के गुणों के प्रति सम्मान व्यक्त करता है। आंतरिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। यह दिवस सभी व्यक्तियों को आत्म-शुद्धि, सहिष्णुता और सामूहिक कल्याण के मूल्यों पर चिंतन करने के लिए प्रोत्साहित करता है।

प्रत्येक आवाज शांति, शक्ति और सद्भाव लाए
कार्यक्रम में शामिल होने से पहले PM मोदी ने 'X' पर लिखा-आइए, सब मिलकर प्रातः 8:27 बजे नवकार महामंत्र का जाप करें। णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं, णमो उवज्झायाणं, णमो लोए सव्वसाहूणं। प्रत्येक आवाज शांति, शक्ति और सद्भाव लाए। हम सब भाईचारे और एकजुटता की भावना को बढ़ाने के लिए एक साथ आएं।

मन की शांति और आंतरिक संतुलन का माध्यम है मंत्र
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 'X'पर लिखा-णमो अरिहंताणं... नवकार महामंत्र जैन धर्म के सबसे पावन मंत्रों में से एक है। यह आध्यात्मिकता, विनम्रता, भाईचारे और अहिंसा के सिद्धांतों पर आधारित है। यह मंत्र मन की शांति और आंतरिक संतुलन का माध्यम है।

आध्यात्मिक जागरण का संदेश फैलाएं
पीयूष गोयल ने आगे लिखा-महावीर जयंती से एक दिन पूर्व 9 अप्रैल को दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में नवकार महामंत्र दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आइए, हम सभी इस पावन अवसर पर नवकार मंत्र का जाप करते हुए पूरे विश्व में शांति, एकता और आध्यात्मिक जागरण का संदेश फैलाएं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story