Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शनिवार को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 164 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। स्टालिन खुद अपनी पारंपरिक सीट कोलाथुर से चुनाव लड़ेंगे, जबकि उनके बेटे और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन एक बार फिर चेपॉक-ट्रिप्लिकेन सीट से चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगे।
पढ़े-लिखे चेहरों और महिलाओं पर भरोसा
पार्टी अध्यक्ष स्टालिन ने चेन्नई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इस लिस्ट में 18 महिलाएं, 15 डॉक्टर और 29 वकील शामिल हैं। उन्होंने विरोधियों पर चुटकी लेते हुए कहा, "विपक्ष कह रहा था कि हमने लिस्ट जारी नहीं की है। हम भले ही अंत में आए हैं, लेकिन हम 'लेटेस्ट' हैं।"
गठबंधन का सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय
DMK ने अपने सहयोगियों के साथ सीटों का बंटवारा भी फाइनल कर लिया है। कुल 234 सीटों में से DMK 164 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन में शामिल कांग्रेस को 28 सीटें दी गई हैं, जिनमें पोनेरी, इरोड ईस्ट और शिवकाशी जैसी प्रमुख सीटें शामिल हैं। वहीं, प्रेमलता विजयकांत की DMDK को 10 सीटें मिली हैं।
अन्य सहयोगियों को कितनी सीटें?
- VCK (थोल थिरुमावलवन): 8 सीटें
- CPI और CPI(M): 5-5 सीटें
- MDMK (वाइको): 4 सीटें
- IUML और MMK: 2-2 सीटें
- MJK और SDPI: 1-1 सीट
सेंथिल बालाजी और ओ. पनीरसेल्वम का नाम शामिल
लिस्ट में पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी को कोयंबटूर दक्षिण से टिकट दिया गया है। सबसे चौंकाने वाला नाम पूर्व AIADMK नेता ओ. पनीरसेल्वम का है, जो अब DMK के टिकट पर बोडिनायकनूर सीट से चुनाव लड़ेंगे। इनके अलावा ईवी वेलु को तिरुवन्नामलाई और मा सुब्रमण्यम को सैदापेट से उम्मीदवार बनाया गया है।
कब होंगे चुनाव?
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। DMK अपना घोषणापत्र रविवार को जारी करेगी और मंगलवार से राज्यव्यापी चुनाव प्रचार शुरू कर देगी।










