Bharat Jodo Nyay yatra: राहुल गांधी ने थौबल से शुरू की न्याय यात्रा, बोले- वादा रहा कि मणिपुर में शांति, समृद्धि वापस लाएंगे

Bharat Jodo Nyay yatra: कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की अगुआई में मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है। यात्रा 15 राज्यों से होती हुई 20 मार्च को महाराष्ट्र के मुंबई में पूरी होगी।  

Bharat Jodo Nyay yatra: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) मकर संक्रांति के मौके पर 14 जनवरी से अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करेंगे। उनकी यह यात्रा मणिपुर के इम्फाल से प्रारंभ होकर 15 राज्यों से गुजरेगी और 20 मार्च को मुंबई में पूरी होगी। राहुल गांधी ने ने मणिपुर के खांगजोम में तिरंगा लहराकर यात्रा की शुरुआत की। राहुल गांधी ने मंच पर आने के बाद दो मिनट का मौन रखकर मणिपुर हिंसा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने न्याय यात्रा की शुरुआत करने के बाद कहा कि मणिपुर अब वैसा नहीं रहा, जैसा कि हम पहले जानते थे। पिछले साल मई से यह टुकड़ों में बंट गया। यहां लोगों को हिंसा का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने अपनी आंखों के सामने अपने परिवार के सदस्यों को खो दिया। इसके बावजूद भी प्रधानमंत्री यहां के लोगों से मिलने और उनके आंसू पोछने नहीं आए। यह शर्म की बात है। ऐसा लगता है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस और भाजपा के लिए मणिपुर देश का हिस्सा ही नहीं।

हम आपके दर्द को समझते हैं: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि हम आपके दर्द को समझते हैं। आप ने उन चीजों को खोया है जो आपके लिए मूल्यवान था। मणिपुर के लोगों ने जो कुछ खोया है, उसे हम समझते हैं। हम आपसे यह वादा करते हैं कि मणिपुर में शांति, समृद्धि और सौहार्द वापस लाएंगे। मणिपुर ने वह चीज खोई है जो इसके लिए सबसे कीमती थी। यह सब कुछ भाजपा की राजनीति की वजह से हुआ है।

यात्रा से पहले शहीदों को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले राहुल गांधी रविवार दोपहर इम्फाल पहुंचे। इम्फाल एयरपोर्ट पहुंचने पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारामैया समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी ने खोंगजोम वॉर मेमोरियल पहुंचे। यहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता रविवार सुबह फ्लाइट से इम्फाल पहुंचे। हालांकि, कोहरे के कारण फ्लाइट में कुछ देरी हुई।

Rahul Gandhi Nyay Yatra
मणिपुर के थोउबल स्थित खोंगजोम वार मेमोरियल पहुंचकर राहुल गांधी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने मांगा लोगों का साथ
इस मौके पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा की। इस दाैरान उन्होंने देश के सभी वर्ग के लोगों से मुलाकात की। अब एक बार फिर से राहुल गांधी मणिपुर से यात्रा शुरू कर रहे हैं। मणिपुर के लोग बहादुर हैं। हमें उम्मीद है कि मणिपुर के लोग उनका साथ देंगे।

I.N.D.I.A. नेताओं को भी यात्रा का न्योता
राहुल गांधी सबसे पहले खोंगजोम वॉर मेमोरियल जाएंगे। फिर थौबल में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद राहुल की अगुआई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कांग्रेस ने इस यात्रा में शामिल होने के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं को आमंत्रण भेजा है। लेकिन कौन-कौन से दल इसमें आएंगे अभी यह साफ नहीं है।

67 दिन में 15 राज्यों से गुजरेगी न्याय यात्रा
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिनों में देशभर के 15 राज्यों से गुजरेगी। इस दौरान पार्टी का पूरा फोकस लोकसभा चुनाव से पहले 110 जिले, 100 लोकसभा सीट और 337 विधानसभा सीटों को कवर करने पर है। इस दौरान कांग्रेस नेता कुल 6713 किलोमीटर का सफर पूरा करेंगे। न्याय यात्रा जिन राज्यों से होकर जाएगी, उनमें मणिपुर, नगालैंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल है।

जयराम रमेश बोले- यह वैचारिक यात्रा
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा भारतीय राजनीति के लिए एक परिवर्तनकारी क्षण है। इससे कांग्रेस संगठन में एक नई उमंग और एकजुटता दिखाई दी थी। उसी को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकालने का फैसला लिया है। इससे पहले उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस शनिवार को कहा था कि यह यात्रा एक वैचारिक लड़ाई है। कांग्रेस ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए ध्रुवीकरण की राजनीति, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अन्याय के खिलाफ शुरू किया है। यह कोई चुनावी यात्रा नहीं है बल्कि एक पार्टी की वैचारिक यात्रा है।

पहले की कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा
बता दें कि राहुल गांधी ने इससे पहले भी 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। तब यह तमिलनाडु के कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक हुई थी। इस दौरान 145 दिनों में कांग्रेस सांसद राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा की और 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेश कवर किए थे। श्रीनगर में यात्रा खत्म करते हुए उन्होंने कहा था कि मैंने यह यात्रा कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि देश की जनता के लिए की है। हमारा उद्देश्य देश की नींव को नष्ट करने वाली विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना है। यात्रा में राहुल ने 12 सभाएं, 100 से ज्यादा बैठकें और 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस की थीं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story